Tokyo Olympic: उत्तराखंड की बेटी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचा है. भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल उत्तराखंड की वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए हॉकी मुकाबले में एक के बाद एक लगातार तीन गोल ठोककर ओलंपिक्स के इतिहास में हैट्रिक दर्ज कराने के साथ ही भारत को महत्वपूर्ण जीत दिलाई। हरिद्वार के छोटे से गांव की वंदना कटारिया देश की ऐसी पहली हॉकी खिलाड़ी बन गईं हैं जिसने ओलंपिक्स में हैट्रिक दर्ज की है। आखिरी ग्रुप मैच में वंदना ने मैच शुरू होने के महज चौथे मिनट में गोल दाग साउथ अफ्रीका पर बढ़त बना ली। वहीं दूसरा गोल भी वंदना कटारिया ने दागा। वंदना ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 2-1 से बढ़त दिला दी। दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे क्वार्टर के अंतिम कुछ सेकंड में भारत के खिलाफ हाफ-टाइम में 2-2 से बराबरी की। इसके बाद भारत ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर तीसरे क्वार्टर की शुरुआत की। नेहा ने गेम में अपना पहला स्कोर बनाया और भारत को 3-2 से आगे कर दिया। इसके बाद एक बार फिर साउथ अफ्रीका ने कड़ी टक्कर देते हुए तीसरा गोल दागकर मुकाबला 3-3 से बराबरी पर पहुंचा दिया। साउथ अफ्रीका की ओर से ग्लासबी ने पहला, हंटर ने दूसरा और मारैस ने तीसरा गोल किया। भारत की ओर से चौथा गोल एक बार फिर वंदना कटारिया ने दागा। इस गोल के साथ भारत ने मैच में जोरदार वापसी कर ली। 4-3 से बढ़त बनाकर भारतीय टीम ने ओलंपिक्स में बने रहने की उम्मीदें बरकरार रख दीं।
वंदना कटारिया भारतीय राष्ट्रीय टीम में फारवर्ड के रूप में खेलती हैं। वंदना जब महज 14 साल की थी तब उन्होंने 2006 में जूनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्पर्धा में भाग लिया था और उसके बाद 2010 में उनको सीनियर राष्ट्रीय टीम में चुना गया था। वंदना 2013 में सुर्खियों में आईं। 2013 महिला हॉकी जूनियर विश्व कप में भारत की शीर्ष गोल करने वाली खिलाड़ी होने के नाते, जहां भारत ने कांस्य पदक जीता। वंदना ने इस टूर्नामेंट में पांच गोल किए।
कटारिया 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैचों में सीनियर राष्ट्रीय टीम के लिए खेल चुकी हैं। वंदना 2014 एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी रही और 2016 के रियो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
बता दें कि बीते 30 मई को वंदना के पिता की हृदयगति रुकने से निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद भी बंगलुरू में टोक्यो ओलिंपिक की तैयारियों में जुटी वंदना कटारिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए मैच में शानदार प्रदर्शन कर पिता को श्रद्धांजलि दी है। वंदना का सपना ओलिंपिक में मेडल जीतकर पिता को श्रद्धांजलि देना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने दी शुभकामनाएं
टोक्यो ओलिंपिक में उत्तराखंड की बेटी वंदना कटारिया के इस अद्भुत प्रदर्शन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभकामनाएं दी हैं. मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुये लिखा कि “साउथ अफ्रीका को 4-3 से हराने पर भारतीय महिला की सभी खिलाड़ियों तथा इस मैच में हैट्रिक लगाकर इतिहास रचने वाले देश की बेटी वंदना कटारिया को बहुत बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।”
She shoots, she scores! 🏑😍
Vandana Katariya scored 3 of #IND‘s 4 goals in their match against #RSA to become the first Indian woman to register a hat-trick at the Olympics! 😍#Tokyo2020 | #StrongerTogether | #UnitedByEmotion | #Hockey pic.twitter.com/jfUaqyO1He
— #Tokyo2020 for India (@Tokyo2020hi) July 31, 2021