पौड़ी: जनपद पौड़ी गढ़वाल के कल्जीखाल ब्लॉक की असवालस्यूं पट्टी स्थित मुंडनेश्वर में आयोजित दो दिवसीय प्रसिद्ध खैरालिंग कौथिग रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हो गया। मेले में स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ बड़ी संख्या में प्रवासी लोगों ने भी भागीदारी की।
मेले के दौरान आयोजित भजन संध्या में स्थानीय युवा कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्ति गीतों और लोकधुनों पर देर तक श्रद्धालु झूमते नजर आए। न्यायरघाटी म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों में मनीष पंवार, दीपक चौहान, प्रीति कोली, जगमोहन रावत चौंदकोटिया और जितेंद्र जैरवाण ने प्रस्तुतियां दीं। संगीत संयोजन दीपक चौहान, विजेंद्र रावत और संतोष मंद्रवाल ने किया।
दूसरे दिन मेले में जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी मुख्य अतिथि के रूप में मेले में पहुंचीं। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए युवाओं से मेलों की परंपरा और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए जिला पंचायत मद से पांच लाख तक की सहायता देने की घोषणा की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पूनम नेगी, पूर्व निदेशक डीसीबी कोटद्वार नरेंद्र सिंह नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता विनोद धनोसी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नीलम डबराल सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। मंदिर समिति के अध्यक्ष अनिल नेगी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय डबराल ‘मिंटू’ ने किया।
यातायात व्यवस्था रही चुनौती
मेले में अपेक्षा से अधिक भीड़ पहुंचने के कारण कल्जीखाल बाजार से मंदिर मार्ग तक कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा। श्रद्धालुओं को जाम का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने भविष्य में बेहतर यातायात और पार्किंग व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया। यहां तक अधिक जाम के कारण क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी मंदिर के बिना दर्शन के ही बैरंग लौट गए।
जगमोहन डांगी



