first flight took off from Noida International Airport

First Flight from Noida International Airport: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जनपद के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन कर दिया। जिसके बाद आज ही जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहली ऐतिहासिक उड़ान भरी गई। उत्तर प्रदेश सरकार का यह हॉकर-900 विमान है, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रवाना हुए। हांलाकि आम जनता के लिए उड़ान शुरू होने में कुछ समय लग सकता है।

कब से शुरू होगी उड़ान सेवा?

एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही सबसे अधिक लोगों की बेसब्री यह बात जानने में है कि आखिर हवाई अड्डे से उड़ानों का संचालन कब से शुरू होगा। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी किसी तारीख की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि अप्रैल से फ्लाइट ऑपरेशन हवाईअड्डे से शुरू हो सकता है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एयरोड्रम लाइसेंस मिलने और फ्लाइट सर्विस शुरू होने में आमतौर पर 45 दिनों का अंतर होता है। इस दौरान विमानन कंपनियां समेत सभी एजेंसी एयरपोर्ट के कमर्शियल ऑपरेशन के लिए अपनी तैयारी कर लेती हैं। अधिकारी ने कहा कि इस एयरपोर्ट को 11 मार्च को एयरोड्रम लाइसेंस मिला है। ऐसे में अब अप्रैल माह के आखिरी हफ्ते या मई की शुरुआत में इस एयरपोर्ट पर उड़ाने शुरू होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि फिलहाल अभी के समर शेड्यूल में जेवर एयरपोर्ट से फ्लाइट ऑपरेशन को शामिल नहीं किया गया है,लेकिन इसे कभी भी बदला जा सकता है।

कब शुरू होगी टिकट बुकिंग ?

अधिकारियों का कहना है कि उड़ानें शुरू होने का शेड्यूल जारी करने के साथ ही एयरलाइंस अपना शेड्यूल जारी करेंगी और तभी टिकट बुकिंग की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी,लेकिन उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही टिकट बुकिंग प्रक्रिया शुरू होगी।

ये एयरलाइन्स शुरू करेंगी उड़ान सेवा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में एयरपोर्ट से देश के 50-60 शहरों के लिए एयरलाइंस कंपनी विमान सेवा शुरू करेंगी। विमान सेवा के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने आकासा, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ करार किया है। इंडिगो शुरुआत में देश के 20 से 25 शहरों के लिए विमान सेवा शुरू कर सकती है। उन्होंने कहा कि एनसीआर के दूसरे इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरुआत में यात्रियों को केवल देश के शहरों को ही विमान सेवा की सुविधा मिलेगी। छह माह के बाद अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरू होगी।

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रतिदिन 150 यात्री विमान सेवा उपलब्ध होंगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ फ्लाइट की संख्या में भी इजाफा होगा। एयरपोर्ट से शुरुआत में सालाना 50 से 60 लाख यात्रियों के सफर करने का अनुमान है। हालांकि, एयरपोर्ट की टर्मिनल क्षमता सालाना 1.20 करोड़ यात्रियों की है।

इन शहरों के लिए होगी कनेक्टिविटी

एयरपोर्ट प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों कि मानें तो शुरुआत में मुंबई, बेंगलुरु,  हैदराबाद, कोलकाता, पुणे, लखनऊ,अहमदाबाद, चेन्नई, गोवा, जयपुर, वाराणसी, भोपाल, जम्मू के उड़ान सेवा शुरू होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करते हुए कहा कि एयरपोर्ट पर हर दो मिनट में फ्लाइट लैंड करेगी। हर घंटे में 30 फ्लाइट लैंड करेंगी और उड़ान भरेंगी। हर साल जेवर एयरपोर्ट से ढाई लाख मीट्रिक टन से ज्यागा कार्गो ढुलाई होगी। इसके अलावा हर साल एक करोड़ से ज्यादा यात्री यात्रा करेंगे। पीएम मोदी ने कहा, कि आज हम विकसित भारत विकसित यूपी का नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। आज यूपी देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाल राज्यों में से एक हो गया है। आज मेरे लिए गर्व प्रसन्नता के दो कारण हैं। पहला इसका शिलान्यास करने का मौका दिया, फिर उद्घाटन का मौका दिया।

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को प्रदेश के विकास की नई पहचान बताया। उन्‍होंने कहा कि यह परियोजना डबल इंजन सरकार की स्पीड और प्रधानमंत्री के विजन का परिणाम है, जो प्रदेश को ग्लोबल एविएशन मैप पर स्थापित करेगा।

आने वाले समय में जेवर एयरपोर्ट को मेट्रो और रैपिड रेल कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। एयरपोर्ट का रनवे करीब 3.9 किलोमीटर लंबा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत बनाया गया है। इसमें करीब 11200 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा एक नजर में

  • शुरुआत में 1 करोड़ 20 लाख यात्री सफर करेंगे।
  • एयरपोर्ट पूरा होने के बाद हर साल करीब 7 करोड़ यात्री सफर करेंगे।
  • हर साल ढाई लाख मीट्रिक टन कार्गो ढुलाई की जा सकेगी। बाद में 18 लाख मीट्रिक टन कार्गो माल ढुलाई हो जाएगी।
  • नोएडा एयरपोर्ट भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में से एक है।
  • अप्रैल अंत तक पूरी तरह से इसका संचालन शुरू हो जाएगी।
  • 65 शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू करने का दावा किया जा रहा है।
  • पहले चरण में 10 शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू होगी।
  • शुरुआत में सिर्फ घरेलू और कार्गो उड़ानें शुरू की जाएगी।
  • पहले चरण में मुंबई, बेंगलुरू, हैदराबाद, कोलकाता, पुणे, लखनऊ, अहमदाबाद, चेन्नई, गोवा, जयपुर के लिए जेवर से फ्लाइट शुरू होगी।
  • इंडिगो, अकासा और एयर इंडिया के साथ यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के साथ समझौता हुआ है।
  • एक घटे में 30 फ्लाइट लैंड और टेकऑफ करेंगी।
  • एयरलाइंस जल्द ही अपना शेड्यूल जारी करेंगी, जिससे टिकट बुकिंग प्रक्रिया शुरू होगी।
  • 20 अप्रैल के बाद फ्लाइट शुरू करने की तैयारी है।

video source: PTI