bus accident greater noida

road accident in greater noida : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सड़क पर 7 लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक कर्मचारी ‌ हीरो मोटर्स कंपनी में काम करते थे। वह शिफ्ट खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे। तभी कंपनी के बाहर बादलपुर क्षेत्र में यह हादसा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 11.30 बजे कर्मचारी फैक्ट्री से बाहर निकल रहे थे। उसी दौरान नोएडा डिपो की बेकाबू बस ने सड़क किनारे खड़े कर्मचारियों को रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पूरा हादसा चंद सेकंड में हो गया। किसी को कुछ पता नहीं चला कि क्या हुआ और कैसे हुआ। शिफ्ट खत्म होने के बाद गेट पर काफी भीड़ थी। नॉर्मली लोग रोड क्रास कर रहे थे। अचानक से बस आई और वह रौंदते हुए चली गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक हादसा हो चुका था। कुछ ही देर में वहां चीख-पुकार मच गई। कुछ लोगों ने बस का पीछा भी किया, लेकिन ड्राइवर बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सभी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसमें 4 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस हादसे में जिन 4 लोगों की मौत हुई वे हीरो मोटर्स में काम करते थे। इनमे संकेश्वर कुमार दास (25), मोहरी कुमार (22) और सतीश (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गोपाल (34) की मृत्यु अस्पताल में उपचार के दौरान हो गई। ये तीन बिहार के रहने वाले थे। जबकि चौथा शख्स 34 वर्षीय गोपाल गौतमबुद्धनगर के पटवारी का बाग गांव का रहने वाला था। इसके साथ ही अनुज, धर्मवीर और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको बादलपुर पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें सफदरगंज दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है ।