यमुना एक्सप्रेस वे के सर्विस रोड पर मथुरा के राया क्षेत्र में शुक्रवार को एक लाल कलर के सूटकेश में एक युवती का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गयी। युवती की बेरहमी से हत्या की गई है। मृतका की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे थाना राया पुलिस को यमुना एक्सप्रेसवे पर लाल रंग का सूटकेस पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब सूटकेस को खोलकर देखा तो सन्न रह गई। सूटेकस में युवती की लाश थी। लाश को पॉलिथीन में लपेट कर सूटकेस में रखा गया था। युवती के चेहरे पर खून लगा हुआ था।![]()
सूटकेस में साड़ी भी रखी मिली
पुलिस के अनुसार युवती की उम्र करीब 22 वर्ष है। उसका कद पांच फीट दो इंच है। रंग गोरा और लंबे काले बाल हैं। युवती स्लेटी कलर की टी-शर्ट पहनी हुई है, जिस पर लेजी डेज लिखा है। नीला और सफेद फूलपत्तीदार प्लाजो पहने हुए हैं। बाएं हाथ पर कलावा व काला धागा बंधा है। लाल सफेद व बैगनी रंग की साड़ी भी सूटकेस में मिली है। आशंका है कि युवती की हत्या के बाद यहां लाकर फेंका गया है। मृतिका युवती कौन है, कहां की रहने वाली है, इसका अभी तक सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार युवती के सीने में गोली और कई जगह चोटों के निशान मिले हैं। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई है।


