UP-Board-Result-2023-declared

UP Board 10th  and 12th Result 2023: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। हाईस्कूल में 89.78 फीसदी परीक्षार्थी पास हुए जबकि इंटरमीडिएट में 75.52 फीसदी परीक्षार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। इस बार भी लड़कियों का दबदबा रहा है। हाईस्कूल में बालिकाओं का प्रतिशत 93.34% रहा, जबकि बालकों के उत्तीर्ण का प्रतिशत 86.64% रहा। रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in व upresults.nic.in पर देखे जा सकते हैं।

माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से कराई गई 2023 की यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 58 लाख 85 हजार 745 विद्यार्थियों को शामिल होना था। हाईस्कूल की परीक्षा में 31 लाख 16 हजार 487 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था। वहीं 12वीं में कुल परीक्षार्थियों की संख्या 27 लाख 69 हजार 258 रही थी। चार मार्च को खत्म हुई परीक्षा में कुल 4 लाख 31 हजार 551 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे थे। हाई स्कूल के कुल 2 लाख 08 हजार 953 जबकि इंटरमीडिएट के 2 लाख 22 हजार 618 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी। बता दें कि यूपी बोर्ड की 10वीं परीक्षा 16 फरवरी से 3 मार्च तक कराई गई थी। वहीं 12वीं की परीक्षा 16 फरवरी से 4 मार्च तक हुई थी।

सीतापुर की प्रियांशी सोनी बनी 10वीं की टॉपर

यूपी बोर्ड में 10वीं की टॉपर सीतापुर की प्रियांशी सोनी बनी हैं। उन्होंने कुल अंक 600 में से 590 अंक हासिल किए यानी 98.33 प्रतिशत मार्क्स हासिल किये। दूसरे नंबर पर कानपुर देहात के कुशाग्र पांडे और अयोध्या की मिसखत नूर रहीं। दोनों ने 97.83 प्रतिशत मार्क्स हासिल किये। तीसरे नंबर पर तीन विद्यार्थी रहे। जिनमे मथुरा के कृष्णा झा, पीलीभीत के अर्पित गंगवार और सुल्तानपुर की श्रेयांसी सिंह ने 97.67 मार्क्स हासिल कर संयुक्त रूप से तीसरा पायदान हासिल किया। पांच छात्रों ने 97.50 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से चौथा स्थान पाया है।

12 वीं में टॉपर बने शुभ छापरा

इस बार 12वीं के नतीजों में लड़कों ने बाजी मारी, हालाँकि टॉप थ्री में दो छात्राओं को जगह मिली है। चरखारी के शुभ छापरा ने 97.80 पर्सेंट मार्क्स के साथ टॉप किया है। उन्हें कुल अंक 500 में से 489 अंक मिले। दूसरे स्थान पर 97.20 प्रतिशत अंकों के साथ दो स्टूडेंट्स ने जगह बनाई। पीलीभीत के सौरव गंगवार और इटावा की अनामिका ने 500 में से 486 मार्क्स स्कोर किए। तीसरे पायदान पर संयुक्त रूप से फतेहपुर के प्रियांशु उपाध्याय, सिद्धार्थ नगर की सुप्रिया और फतेहपुर खुशी रहे। दोनों को 485 नंबर मिले। चौथे स्थान पर पांच बच्चों ने मिलकर साझा किया है। इन पांचो छात्रों को 96.80 प्रतिशत अंक मिले। चौथे पायदान पर संयुक्त रूप से इटावा के शिवा, कन्नौज के पीयूष तोमर, प्रयागराज की सुभाषना, फतेहपुर के विक्रम सिंह और निखिल तिवारी रहे।