woman threw her two daughters from the fourth floor and then jumped herself In Noida

नोएडा:  नोएडा में एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ सेक्टर-49 कोतवाली क्षेत्र के बरौला गांव में किराये पर रहने वाली एक 32 वर्षीय महिला ने खतरनाक कदम उठा लिया। महिला ने पहले अपनी दो बेटियों को चौथी मंजिल से धक्का देकर नीचे फेंका और फिर खुद भी छलांग लगा दी। घटना में महिला और उसकी एक बेटी की मौत हो गई है। वहीं दूसरी बेटी की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि जिस समय महिला ने यह खतरनाक कदम उठाया तो उस समय वहां कोई नहीं था। घटनाक्रम की सूचना पास के पड़ोसी ने स्थानीय पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गंभीर हालत में घायलों को तत्काल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस प्रवक्ता ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को थाना सेक्टर-49 पर सूचना मिली कि बरौला गांव के शिव मंदिर के पास एक महिला के साथ उसकी चार और तीन साल की बेटियां छत से नीचे गिर गए हैं। पुलिस ने महिला और उसकी दो बेटियों को तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टर ने महिला और उसकी तीन साल की बेटी को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दूसरी बेटी का उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक बरौला गांव के शिव मंदिर के पास जितेंद्र शर्मा के मकान में मनोज अपनी पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहते हैं। मनोज प्रयाग अस्पताल की कैंटीन में काम करते हैं। बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे मनोज की पत्नी सरिता ने पहले तीन साल की बेटी दिव्या को चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया और इसके बाद पांच वर्षीय कृतिका को नीचे फेंक दिया। फिर खुद भी चौथी मंजिल से नीचे कूद गई। 3 साल की दिव्या की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कृतिका नीचे नहा रही एक महिला के पीठ पर गिरी और सरिता केबल वायर से टकराती हुई जमीन पर गिरी। कृतिका और सरिता को गंभीर हालत में प्रयाग अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सरिता की भी मौत हो गई। जबकि कृतिका का इलाज प्रयाग अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मनोज मूल रूप से हाथरस के बोगा गांव के रहने वाले हैं। पांच महीने पहले सरिता ने एक और बेटी को जन्म दिया था जिसे उसने आपसी सहमति से अपनी बहन को दे दिया। बताया जा रहा है कि लगातार बेटियां होने से सरिता परेशान थी।