Road Accident in Uttarakhand: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। आज फिर उत्तराखंड में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। जहां सवारियों से भरा वाहन (मैक्स) नदी में जा गिरा है। हादसे में 8 लोगों की मौत की सूचना है। जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक पिथौरागढ़ जनपद में आज शाम करीब पांच बजे मुवानी कस्बे से यात्रियों को लेकर एक वाहन (मैक्स जीप) UK-05TA-0193 संख्या बोकटा गांव की ओर निकली। इसी दौरान भंडारीगांव पुल के पास लगभग एक किलोमीटर आगे मैक्स वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 150 फुट नीचे गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में आठ यात्रियों की मौत हो गई जबकि छह गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में दो सगी बहनों समेत तीन छात्राएं भी हैं। सभी मृतक और घायल बोकटा गांव के हैं। हादसे से पूरे गांव में कोहराम मचा है। वाहन में करीब 14 लोग थे।
पास से गुजरते लोगों के जरिसे बोकटा के ग्रामीणों को जानकारी मिली तो वे दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने खाई में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। आठ घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।
सभी को मुवानी अस्पताल ले जाया गया लेकिन आठ वर्षीय सिमरन और 40 वर्षीय चालक नरेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद सभी छह घायलों को गंभीर हालत में एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे में मृत दीक्षा पत्नी पंकज बोरा पिथौरागढ़ के चंडाक की रहने वाली थीं। वह हरेला पर्व पर मायके गई थीं। अन्य सभी मृतक बोकटा गांव के हैं।
हादसे की सूचना के बाद जिला मुख्यालय से एडीएम डॉ.योगेंद्र सिंह ने मुवानी पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। थल के तहसीलदार राम प्रसाद और थल थानाध्यक्ष शंकर रावत भी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।
डीएम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और स्वास्थ्य कर्मियों को उपचार के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. एसएस नबियाल ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के लिए की जा रही उपचार की व्यवस्थाओं को देखा।
मैक्स हादसे में मृतकों का विवरण:-
- सिमरन पुत्री कुंदन सिंह (उम्र 8 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- तनुजा पुत्री चंद्र सिंह (उम्र 15 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- विनीता पुत्री चंद्र सिंह (उम्र 14 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- नरेंद्र सिंह पुत्र चंद्र सिंह (उम्र 40 वर्ष) वाहन चालक, निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- राजेंद्र सिंह पुत्र किशन सिंह (उम्र 60 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- होशियार सिंह पुत्र भीम सिंह (उम्र 65 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- शांति देवी पुत्री केशर राम (उम्र 50 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- दिकभा पत्नी पंकज सिंह (उम्र 28 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
हादसे में घायल:-
- योगेश कुमार (उम्र 21 वर्ष), निवासी- बोकटा
- श्याम सिंह (उम्र 50 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- कल्याण सिंह (उम्र 55 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- सुमित सिंह (उम्र 22 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- पूजा, निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- विनीता पुत्री पूरन बहादुर (उम्र 20वर्ष) निवासी बोकटा, पिथौरागढ़
सीएम धामी ने जताया दुख
हादसे पर सीएम धामी ने भी दुख जताया। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा ‘ जनपद पिथौरागढ़ के मुवानी क्षेत्र में वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं, सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।’