देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी दून में एक और हत्याकांड से हड़कंप मच गया। आज सुबह राजपुर रोड सिल्वर सिटी कंपलेक्स में जिम से बाहर निकलते समय एक युवक पर बदमाशों में गोली मार दी गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हत्यारोपी गोली मारकर फरार हो गये। मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। जोकि प्रॉपर्टी और खनन से जुड़ा काम करता था। पुलिस से मिली जनकारी के मुताबिक मृतक व्यक्ति हिस्ट्रीशीटर था और मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था। फिलहाल वो देहरादून रेस कोर्स इलाके में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार मृतक विक्रम शर्मा हिस्ट्रीशीटर है। उस पर 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। मृतक के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। वो अपने साथ पिस्टल लेकर ही जिम से बाहर आ रहा था, लेकिन हमलावरों के सामने उसे पिस्टल निकालने का मौका नहीं मिल सका। गैंगवार की आशंका भी है। हर एंगल से जांच की जा रही है। झारखंड पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।
देहरादून जनपद में बीते 16 दिनों में मर्डर की यह 5वीं घटना है। अभी दो दिन पहले 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर एक कारोबारी अर्जुन शर्मा की भी दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। हालांकि, पुलिस मुठभेड़ के बाद गोली मारने वाले दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अर्जुन की मां ने ही अपने सहयोगियों के साथ 12 लाख रुपए में अर्जुन का मर्डर प्लान किया था। पुलिस ने देर शाम तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।
वहीं बीती दो फरवरी को गुंजन हत्याकांड ने दून शहर में सनसनी फैला दी थी। 2 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे दूल्हा बाजार में आकाश ने गुंजन के गले पर चापड़ से वार कर हत्या कर दी थी। आरोपी सलाखों के पीछे है, इस मामले में पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर रिकाॅर्ड समय में हत्यारोपी आकाश के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी थी।
वहीँ 31 जनवरी 2026 को ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। जबकि 29 जनवरी 2026 को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। छात्रा का शव 29 जनवरी की रात ढालीपुर स्थित शक्ति नहर के किनारे झाड़ियों में मिला था।
देहरादून जिले में 16 दिन के अंदर हुए 5 हत्याकांड
- 29 जनवरी 2026 को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की हत्या
- 31 जनवरी 2026 को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या
- 2 फरवरी 2026 को देहरादून में युवती की गला रेतकर हत्या
- 11 फरवरी 2026 को देहरादून में 40 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या
- 13 फरवरी की सुबह देहरादून में जिम से निकल रहे शख्स की गोली मारकर हत्या



