पौड़ी गढ़वाल: समळौ॑ण आन्दोलन की 25 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा पूर्ण होने के अवसर पर राठ महोत्सव का आयोजन स्वर्ण जयंती समारोह के रूप में भव्यता के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि क्षेत्र के पूर्व विधायक, राठ गढ़ गौरव एवं उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर गोदियाल ने कहा कि समळौ॑ण संस्था क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनजागरूकता का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। भविष्य में समळौ॑ण एक व्यापक जनआन्दोलन के रूप में पहचाना जाएगा। उन्होंने महिला मंगल दलों से अपनी संस्कृति को बचाने तथा वृक्षों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त जगमोहन सिंह रावत ‘जगमोरा’ ने राठ महोत्सव की रजत जयंती की सराहना करते हुए इसे और व्यापक स्तर पर आयोजित करने पर बल दिया। मुख्य वक्ता, मैती आन्दोलन के प्रणेता पद्मकल्याण सिंह रावत ने समळौ॑ण संस्था के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए वृक्ष संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया। संस्था के अध्यक्ष मनोज रोथाण ने संस्था के लक्ष्य एवं उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों को सम्मानित किया गया। समळौ॑ण सम्मान से
- पवन पटवाल (जिला संयोजक, समळौ॑ण आन्दोलन, पौड़ी गढ़वाल),
- शिक्षक अखिलेश जोशी (प्रधानाध्यापक, रा.प्रा.वि. कोडारना, टिहरी),
- प्रकृति प्रेमी श्याम सिंह गुसाईं ‘श्याम सरल’ (जूनियाखेत, अल्मोड़ा),
- डॉ. विजयकांत पुरोहित (विभागाध्यक्ष, एचएनबी केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर),
- एवं बैजीलाल शाह (वन क्षेत्राधिकारी, पोखरी रेंज, चमोली) को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त पर्यावरण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए समळौ॑ण राठ मातृशक्ति सम्मान–2025 से श्रीमती सीमा देवी खकरियाल (सेना नायिका, ग्राम सिमड़ी, विकास खण्ड थलीसैंण पौड़ी गढ़वाल) तथा श्रीमती गीता देवी पोखरियाल (सेना नायिका, ग्राम सैंजी, विकास खण्ड पाबो, पौड़ी गढ़वाल) को सम्मान प्रदान किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु पश्चिमी नयार घाटी उत्कृष्ट सेवा सम्मान सुनील कुमार गौड़ (प्रधानाध्यापक, रा.प्रा.वि. पिनाकोट), संस्कृत शिक्षा में अनसूया प्रसाद सुन्दरियाल (प्रधानाचार्य, संस्कृत विद्यालय भुवनेश्वरी), उच्च शिक्षा में डॉ. जितेन्द्र कुमार नेगी (प्राचार्य, राठ महाविद्यालय पैठाणी) तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर समळौ॑ण पश्चिमी नयार घाटी उत्कृष्ट सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भरोसे की संस्था के संस्थापक संतोष खंडूरी द्वारा गरीब व असहाय परिवारों को 50 कंबल वितरित किए गए। साथ ही लुप्त होती लोकसंस्कृति को संरक्षण देने के उद्देश्य से पर्यावरण आधारित थड़िया चौफला झूमेलो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महिला मंगल दल चुठाणी (खिर्सू) ने प्रथम, महिला मंगल दल एवं समळौ॑ण सेना सैंजी ने द्वितीय तथा महिला मंगल दल कोठी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमशः 1500, 1100 व 1000 रुपये की नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में थलीसैंण, पाबो एवं खिर्सू विकास खण्डों की महिला मंगल दलों ने सहभागिता की। इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष मुकेश नौड़ियाल, कोषाध्यक्ष नथीराम नौड़ियाल, महोत्सव संयोजक मातबर सिंह बर्त्वाल, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समळौ॑ण सेनाएं, महिला मंगल दल व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव नरेन्द्र सिंह नेगी ने किया, जबकि निर्णायक की भूमिका बिक्रम सिंह कंडवाल, जनार्दन चमोली एवं कन्हैया नौड़ियाल ने निभाई।



