leopard killed minor girl

रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद से एक बेहद दुखद खबर आई है। यहाँ सिल्ला-ब्राह्मणगांव में आंगन में खेल रही डेढ़ वर्षीय बच्ची को गुलदार मुंह में दबाकर जंगल की तरफ भाग गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अगस्त्यमुनि ब्लॉक के सिल्लाबामण गांव निवासी प्रमोद कुमार की डेढ़ वर्षीय पुत्री शनिवार शाम करीब 6 बजे अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इस दौरान घात लगाकर बैठा गुलदार बच्ची को घर के आंगन से उठाकर जंगल की ओर ले गया। बच्ची के माता-पिता शोर मचाते हुए कुछ दूर तक उसके पीछे भागे लेकिन गुलदार पलक झपकते ही आंखों से ओझल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और जंगल की ओर दौड़े। घटना की सूचना के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने जंगल में बच्ची की खोजबीन की और पास के जंगल से बच्ची का शव बरामद किया गया।

घटना के बाद से ही गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को मारने की मांग की है। घटना के बाद गुलदार को आदमखोर घोषित कर दिया गया है। वन विभाग की टीम ने गांव में पिंजरा लगा दिया है और प्रसिद्ध शिकारी जॉय हुकिल और उनके दो अन्य साथियों को क्षेत्र में तैनात किया गया है। साथ ही वन विभाग ड्रोन कैमरे की भी मदद ले रहा है। इससे पहले बीते दिन भी इसी गांव में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर घायल कर दिया था। जिसका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अगस्त्यमुनि में चल रहा है। गांव में लगातार हो रहे गुलदार के हमले की घटना से ग्रामीण दहशत में हैं। वहीं केदारनाथ विधायक मनोज रावत भी क्षेत्र में पहुंचे और उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लिए यह दुखद घटना है। वन विभाग की टीम गुलदार की ढूंढखोज में जुटी हुई है। जल्द ही गुलदार को पकड़ लिया जायेगा।

यह भी पढ़ें:

किसके होंगे यजमान! : मायावती के ब्राह्मण सम्मेलन के साथ अखिलेश भी करेंगे ‘पंडित जी प्रणाम’, योगी पहुंचे अयोध्या