#Nainital #NainitalRopeway #Uttarakhand,Nainital-Ropeway-UttarakhanD

Nainital News: सरोवर नगरी नैनीताल में एक आज एक बड़ा हादसा होने से बच गया। नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में संचालित कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) के रोपवे में अचानक तकनीकी खराबी के चलते 13 सवारियां एक घंटे तक हवा में रही। इस दौरान ट्राली में फंसे 6 विदेशी पर्यटकों तथा पांच स्कूली बच्चों समेत 13 लोगों की सांस अटक गई। काफी देर तक ट्रॉली हवा में झूलती रही। करीब एक घंटे बाद रोपवे की ट्रॉली में फंसे पर्यटकों और बच्चों का सकुशल रेस्क्यू किया गया। मरम्मत के बाद शुक्रवार को ट्राली संचालन होने की उम्मीद है।

गुरुवार शाम करीब साढ़े तीन बजे मल्लीताल रोपवे स्टेशन से ट्राली यूरोपीय देश माल्टा के छह नागरिकों, नैनीताल निवासी पांच स्कूली बच्चे व एक युवक और आपरेटर को लेकर स्नोव्यू की ओर बढ़ी। ट्राली स्टेशन से करीब सौ मीटर आगे पहुंची ही थी कि अचानक रोपवे के काउंटर साइट में कुछ टूटने की आवाज आई। तेज आवाज सुन तकनीकी कर्मचारी ने देखा तो एक बैरिंग टूटा हुआ मिला। एहतियात के तौर पर ट्राली को बीच में ही रोक दिया गया। जैसे ही ट्राली बीच में रुकी तो उसमें सवार यात्रियों की सांसें अटक गई। स्कूली बच्चे सहम उठे।

रोपवे का संचालन कर रही संस्था कुमाऊं मंडल विकास निगम के कर्मचारियों ने तकनीकी खामियों को दूर करने का प्रयास किया, लेकिन रोपवे ठीक नहीं हो सकी। वहीं, रोपवे कर्मचारियों ने खुद ही रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे के बाद ट्रॉली में फंसे पर्यटकों और स्कूली बच्चों समेत अन्य लोगों को रस्सियों के सहारे एक-एक नीचे उतारा गया। जिसके बाद उन्होंने राहत की सांस ली।

रोपवे के मैनेजर शिवम शर्मा ने बताया कि रोपवे का काउंटर वेट बेयरिंग टूट गया था। जिसके चलते रोपवे का संचालन बाधित हुआ था। उन्होंने बताया कि बैरिंग टूटने के बाद भी ट्राली को संचालित कर नीचे तक लाया जा सकता था मगर छोटे बच्चे व पर्यटक सवार होने के कारण ट्राली को रोकने का निर्णय लिया गया। करीब एक घंटे के अंदर सभी को सुरक्षित उतार लिया गया था। तकनीकी समस्या को दूर करने के लिए कर्मचारी जुटे हुए हैं। उम्मीद है शुक्रवार को ट्राली संचालन शुरू कर दिया जाएगा।