Corona case in uttarakhand : उत्तराखंड में गुरुवार को टिहरी जनपद की नरेंद्रनगर तहसील के अंतर्गत व्यासी स्थित एक होटल के 16 कर्मचारियों की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद जिला प्रशासन ने होटल को तीन दिन के लिए बंद कर दिया है। इस इलाके में बीते दस दिनों के भीतर 23 कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।
मुनिकीरेती क्षेत्र में गुरुवार को 27 व्यक्तियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 16 कर्मचारी होटल ताज के शामिल हैं। इनके अतिरिक्त 08 यात्रियों और 03 आश्रम कर्मियों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 19 व्यक्तियों को गढ़वाल मंडल विकास निगम के ऋषिलोक कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया है। वहीं कोरोना संक्रमित यात्री यहां से जा चुके हैं।
टिहरी डीएम ईवा श्रीवास्तव ने कहा कि ताज होटल में एक साथ 16 कोरोना पॉजिटिव मामले मिलने के बाद होटल को तीन दिन के लिए बंद किया जा रहा है। होटल के समस्त स्टॉफ और उनके संपर्क में आए व्यक्तियों की जांच की जाएगी। इस बीच पूरे होटल को सैनिटाइज करने को कहा गया है।
गुरुवार को प्रदेश में 192 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं। जिसके बाद अब राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 99072 हो गई है। हालाँकि इसमें 94,755 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि 1150 सक्रिय मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।



