Chamoli Accident : उत्तराखंड के चमोली जनपद में आज सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक बड़ा हादसा हो गया।यहाँ नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में करंट फैलने से 16 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। जबकि कई लोग झुलसे हुए हैं इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जांचे के आदेश दे दिए हैं। सीएम धामी ने साफ कहा है कि जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मिली जानकारी के मुताबिक चमोली में नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर काम चल रहा है। बुधवार को जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त साइट पर 24 लोग मौजूद थे, जिनमें से 16 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में पीपलकोटी चौकी प्रभारी प्रदीप रावत और होमगार्ड मुकंदीलाल भी शामिल हैं। चमोली आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 11 लोग झुलसे हैं। जिसमें से छह लोगों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। वहीं, पांच लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर दुख जताया है। सीएम धामी ने ट्वीट कर लिखा कि चमोली में करंट लगने से कई लोगों के हताहत होने का अत्यंत पीड़ादायक समाचार प्राप्त हुआ। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु प्रार्थना करता हूं।
चमोली रवाना हुए सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद इस पूरी घटना की जानकारी लेने के लिए चमोली रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चमोली के लिए हेलीकॉप्टर से हुए रवाना। पीपलकोटी पहुंचकर हादसे की लेंगे जानकारी। मृतकों के स्वजन से मिलेंगे।
सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने करंट से लोगों की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को घटना की विस्तृत और गहन जांच के भी निर्देश दिए। उन्होंने डीएम चमोली से घटना की जानकारी ली। सीएम धामी ने कहा कि झुलसे लोगों को देहरादून लाया गया है। उनके इलाज में कोई कमी नहीं होगी। उनके लिए हेलिकॉप्टर भेजा था। गंभीर रूप से झुलसे जल संस्थान के जेई संदीप मेहरा और सुशील कुमार समेत छह लोगों को हेलिकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश व अन्य को जिला अस्पतालों में भेजा गया है।
पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली घटना में मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपए और घायलों को एक-एक लाख रुपए की राहत राशि देने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से चमोली घटना के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
हादसे के ये बताये गए कारण
चमोली में नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में करंट फैल गया था। इस करंट ने पुलिसकर्मी समेत 16 लोगों को मौत की नींद सुला दी। इस हादसे के कारणों की भी पता चल गया है। डीआइजी एसडीआरएफ रिद्धिम अग्रवाल के अनुसार एचटी लाइन टूटने के कारण हुई दुर्घटना। डीआइजी एसडीआरएफ रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि हाई एक्सटेंशन तार टूटने की वजह से ये करंट फैला। इस करंट ने मौके पर मौजूद सभी लोगों को अपनी चपेट में लिया। इसमें पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
चमोली एसपी ने क्या कहा?
चमोली एसपी ने बताया कि मंगलवार को प्रोजेक्ट साइट केयरटेकर गनेश लाल की करंट लगने से मौत हुई थी। आज पंचनामे की कार्रवाई की जा रही थी, तभी अलकनंदा किनारे ट्रांसफार्मर लगा था, जो फट गया। इसके बाद करंट रेलिंग में दौड़ गया, जिसके चपेट में सभी लोग आ गए।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने क्या कहा?
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी मुरुगेशन ने कहा कि चमोली जिले के पीपलकोटी में नमामि गंगे प्रोजेक्ट में एक व्यक्ति की मौत के बाद पंचनामे की कार्रवाई के दौरान हादसा हुआ। अचानक रेलिंग पर करंट दौड़ गया। जनरेटर से शॉर्ट सर्किट हुआ और इससे रेलिंग पर करंट फैल गया।
वहीँ चमोली के ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना ने बताया कि बीती रात को बिजली का तीसरा फेस डाउन हो गया था। बुधवार को सुबह तीसरे फेज को जोड़ा गया, जिसके बाद सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में करंट दौड़ गया। ट्रांसफार्मर से लेकर मीटर तक कहीं एलटी और एसटी के तार नहीं टूटे हैं, मीटर के बाद तारों में करंट दौड़ा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में यहां रहने वाले केयरटेकर गनेश लाल का सुबह फोन नहीं लग रहा था। जिसके बाद परिजनों ने आकर साइट पर उसकी खोजबीन की तो पता चला कि केयरटेकर की करंट लगने से मौत हो गई है। यह खबर फैलते ही परिजनों के साथ कई ग्रामीण भी साइट पर पहुंच गए। तब तक वहां पुलिस आ गई थी। इसी दौरान वहां पर दोबारा करंट फैल गया। जिसकी वजह से कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
चमोली हादसे में मरने वालों की सूची
- उप निरीक्षक प्रदीप रावत चौकी पीपलकोटी।
- होमगार्ड मुकंदे राम पुत्र श्यामदास निवासी हरमानी चमोली उम्र 55।
- होमगार्ड गोपाल पुत्र माधव सिंह निवासी ग्राम रूपा चमोली उम्र 57 वर्ष।
- होमगार्ड सोबत लाल निवासी ग्राम पाडुली।
- सुमित पुत्र स्वर्गीय चंद्र सिंह अस्वाल निवासी ग्राम रांगतोली चमोली उम्र 25 वर्ष।
- सुरेंद्र पुत्र विजय लाल निवासी हरमानी चमोली उम्र उम्र 33।
- देवी लाल पुत्र असील दास निवासी हर्मनी उम्र 45 वर्ष।
- योगेंद्र सिंह पुत्र महिपाल सिंह निवासी हर्मनी।
- सुरेंद्र सिंह रावत पुत्र स्वर्गीय गोपाल सिंह निवासी हर्मनी उम्र 38 वर्ष।
- विपिन पुत्र सोबत निवासी पाटोली गोपेश्वर उम्र 26 वर्ष।
- मनोज कुमार निवासी हर्मनी उम्र 38 वर्ष।
- सुखदेव पुत्र एलम दास ग्राम रंगतोली चमोली उम्र 33 वर्ष।
- प्रमोद कुमार पुत्र सुदामा लाल निवासी हर्मनी।
- दीपू कुमार पुत्र महेंद्र लाल निवासी हर्मनी उम्र 33।
- महिपाल पुत्र दुर्लप सिंह निवासी ग्राम रंगतोली उम्र 60 वर्ष।
- गणेश पुत्र महेंद्र लाल 27 साल रंगतोली।
चमोली हादसे में घायल हुए लोगों की सूची
- महेश कुमार पुत्र रूपदास निवासी खैनुरी, उम्र 32
- नरेन्द्र लाल पुत्र असील दास निवासी हरमनी, उम्र 35
- आनंद पुत्र गम्मालाल निवासी पाटुली, उम्र 42
- धीरेन्द्रर रावत पुत्र राजेन्द्र रावत, उम्र 41
- पवन राठौर पुत्र उदय सिंह, चमोली
- सुशील कुमार पुत्र सुदामा लाल निवासी हरमानी, उम्र 27
- सन्दीप मेहरा पुत्र सुलोचन निवासी रुद्रप्रयाग, उम्र 34