पौड़ी: पौड़ी जनपद के 192 छात्र-छात्राओं का चयन छात्रवृत्ति के लिए हुआ है। छात्रों के चयन में पाबौ ब्लॉक टॉपर बना है। यहां के सबसे ज्यादा 21 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। समस्त चयनित छात्रों को आगामी कक्षा 9 से 12वीं तक यह छात्रवृत्ति प्रदान होगी। इनमें राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना, डॉ. शिवानंद नौटियाल छात्रवृत्ति योजना व राज्य योग्यता (श्रीदेव सुमन) छात्रवृत्ति योजना शामिल है।

राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना में चयनित छात्र-छात्राओं को कक्षा 9 से 12वीं तक प्रतिमाह एक हजार की सहायता राशि प्रदान की जाती है। दूसरी डॉ. शिवानंद नौटियाल छात्रवृत्ति योजना में चयनित प्रतिभा को प्रतिमाह 1500 रुपये की राशि दी जाती है। जबकि तीसरी राज्य योग्यता (श्रीदेव सुमन) छात्रवृत्ति योजना में प्रदेश के प्रत्येक विकास खंड से चयनित पांच-पांच छात्र-छात्राओं को 1-1 हजार की सहायता की जाती है। यह जानरकारी प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी रणजीत सिंह नेगी ने दी।