सतपुली: पौड़ी जनपद के सतपुली क्षेत्र में आज सुबह एक दुखद हादसा हो गया। सावन के पहले सोमवार पर आज सुबह सतपुली के दंगलेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने गई एक युवती और एक किशोरी नहाते वक्त पूर्वी नयार नदी में डूब गई। हादसे की सूचना पर स्थानीय तैराकों ने काफी खोजबीन के बाद दोनों के शव बरामद किये। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के मुताबिक सावन के पहले सोमवार पर आज सुबह ग्राम ओडलसैंण की दो लड़कियां सतपुली के दंगलेश्वर महादेव मंदिर के शिवालय में जलाभिषेक करने आई थीं। दर्शन से पहले दोनों लड़कियां घाट पर नयार नदी में स्नान करने लगीं। इन दिनों बारिश के कारण नयार नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। नदी का बहाव भी बहुत तेज है। दोनों नयार नदी में ज्यादा गहराई में चली गईं और नदी के तेज बहाव में बह गईं।
वहां मौजूद लोगों ने इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। जिसके बाद स्थानीय तैराकों ने दोनों की खोजबीन शुरू की तो दोनों घाट से एक किलामीटर दूर मिलीं। लेकिन तब तक 26 वर्षीय युवती की मौत हो चुकी थी। जबकि किशोरी की हालत गंभीर थी, जिसे अस्पताल ले जाया गया, परन्तु उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतक युवती की पहचान 24 वर्षीय रूबी उर्फ सरोज पुत्री श्याम सिंह रावत निवासी ओडलसैंण तथा 15 वर्षीय अदिति उर्फ सोनी पुत्री निर्मल सिंह नाम की किशोरी ओडलसैंण के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है।