पौड़ी गढ़वाल : उत्तराखंड के पौड़ी जनपद के एक और जांबाज के शहीद होने की खबर आ रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पौड़ी गढ़वाल के चौबट्टाखाल के ग्राम भैंसोडा (पोखड़ा) निवासी, 39 असम राइफल के जवान हर्षपाल सिंह पुत्र बलवंत सिंह मणिपुर में शहीद हो गए है। अभी उनकी मौत का कारण पता नहीं हो पाया है। 24 वर्षीय हर्षपाल सिंह इन दिनों मणिपुर में तैनात थे। उनके निधन की खबर शनिवार सुबह करीब 7 बजे उनके परिजनों को दी गई।
उनके शहीद होने की खबर सुनते ही उनके गाँव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर फ़ैल गई। हर्षपाल 4 बहनों के इकलौते भाई थे। अक्टूबर में हर्षपाल की शादी होने वाली थी। बताया गया कि पहले उनकी शादी मई में तय की गई थी लेकिन लॉकडाउन की वजह से शादी को अक्टूबर में टाल दिया गया था। शुक्रवार दोपहर हर्षपाल की अपने माता-पिता से फोन पर बात भी हुई थी। उनके शहादत की खबर सुनते ही उनके घर में मातम पसर गया है। परिवार वाले सदमे में हैं।
राइफलमैन हर्षपाल असम राइफल्स की मेडिकल टीम में प्रयोगशाला सहायक के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग मणिपुर में थी, लेकिन तीन-चार दिन पूर्व ही वह तेजपुर गये थे। शनिवार सुबह करीब सात बजे हर्षपाल के पिता बलवंत सिंह को उनके पुत्र के निधन की जानकारी दी गई। हर्षपाल का शव मंगलवार सुबह उनके आवास में पहुंचेगा।