देहरादून : उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को एक बार फिर प्रदेश में कोरोना के 81 नये मामले सामने आये हैं। जिसके बाद राज्य में अब संक्रमित मरीजों की संख्या बढक़र 2023 हो गई है। हालांकि कुल संक्रमित मरीजों में से अब तक 1254 (61 प्रतिशत से अधिक) लोग स्वस्थ्य होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज हो चुके हैं। जबकि विभिन्न अस्पतालों में 769 एक्टिव मरीज चिकित्सकों की निगरानी में भर्ती हैं। वहीँ अब तक कोरोना से 26 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर में 43 मामले सामने आये थे। वहीँ रात 9 बजे आई रिपोर्ट में 38 और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। आज राज्य में मिले कुल 81 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से सबसे ज्यादा 35 मामले देहरादून से सामने आये हैं। इसके अलावा 14 कोरोना के मरीज अल्मोड़ा जिले में, 09 टिहरी में, 08 नैनीताल में, 05 बागेश्वर में, 03 हरिद्वार, 03 उधमसिंह नगर, 02 मरीज रुद्रप्रयाग में तथा एक-एक कोरोना पॉजिटिव पौड़ी तथा उत्तरकाशी जिले में सामने आया है। आज कोरोना पॉजिटिव आये मरीजों में से ज्यादातर लोग बाहरी राज्यों से यहाँ लौटे हैं।
उत्तराखंड में अब तक कोरोना covid-19 के जिलेवार मामले
जनपद | कोरोना के मरीज |
देहरादून | 512 |
नैनीताल | 348 |
टिहरी | 317 |
उधमसिंह नगर | 125 |
हरिद्वार | 241 |
पौड़ी | 72 |
अल्मोड़ा | 99 |
पिथौरागढ़ | 60 |
चमोली | 44 |
उत्तरकाशी | 40 |
बागेश्वर | 47 |
चंपावत | 48 |
रुद्रप्रयाग | 48 |
कुल | 2023 |