KOTDWAR ROAD ACCIDENT: उत्तराखंड के पौड़ी जपनद के कोटद्वार में भारी बारिश के बीच अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिरने से एक सवारियों से भरा बोलेरो वाहन चपेट में आ गया। इस हादसे में वाहन में अंदर बैठे 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, आज सुबह पौड़ी-कोटद्वार-मेरठ नेशनल हाईवे पर एक बोलेरो वाहन संख्या UK 11 TA 1610 दुगड्डा से सवारियों को लेकर कोटद्वार आ रहा था। जैसे ही बोलेरो वाहन कोटद्वार के सिद्धबली बैरियर के पास पहुंचा। तभी पहाड़ी से अचानक एक बड़ा बोल्डर (पत्थर) टूटकर सीधे बोलेरो पर आ गिरा।

पत्थर की चपेट में आने से वाहन बुरी तरह से पिचक गया। जबकि, अंदर बैठे सवारी भी बुरी तरह से कुचल गए। जिसके चलते 2 लोगों ने अंदर ही दम तोड़ दिया। जबकि, हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जहां स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और कोटद्वार के बेस अस्पताल पहुंचाया।

मृतकों की पहचान सतबीर (20) और रविंद्र उर्फ मोटा (32) के रूप में हुई है, जो पौड़ी गढ़वाल जनपद के रहने वाले थे। घायल लोगों को बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया है, जिनमें गंभीर रूप से घायल चालक देवेंद्र और दिनेश को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। घायलों में मीनाक्षी, पंकज, सिमरन, देवेंद्र और दिनेश शामिल हैं। घटना के बाद प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। पहाड़ी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।