Colonel Ajay Kothiyal to contest by-election against cm Tirath Singh Rawat

देहरादून : उत्तराखंड में पहली बार चुनाव में उतर रही आम आदमी पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है। आम आदमी पार्टी ने कर्नल अजय कोठियाल को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के सामने चुनाव लड़ाने का फैसला लिया है। अजय कोठियाल उपचुनाव में सीएम तीरथ सिंह रावत के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। गुरुवार को इसकी घोषणा की गई है।

बता दें कि बीते 10 मार्च को मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण कर उत्तराखंड के 9वें मुख्यमंत्री बने तीरथ सिंह रावत को नियम के मुताबिक 10 सितंबर तक विधानसभा का सदस्य निर्वाचित होना अनिवार्य है। प्रदेश में इस समय दो विधानसभा सीटें रिक्त हैं। जिनमें से एक गढ़वाल क्षेत्र में गंगोत्री विधानसभा सीट है जो भाजपा के विधायक गोपाल सिंह रावत के निधन के बाद खाली हुयी है। यहाँ से मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के उपचुनाव लड़ने की प्रबल संभावनाएं जताई जा रही है। इसके अलावा कांग्रेस नेता इंदिरा हृद्येश के निधन के बाद हल्द्वानी सीट भी रिक्त है।

हालांकि तीरथ सिंह के चुनाव लड़ने पर एक पेंच भी फंसता नजर आ रहा है। दरअसल, तीरथ सिंह रावत के सामने एक बड़ा सवाल 10 सितंबर के बाद मुख्यमंत्री बने रहने का है। उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त होने के छह महीने के अंदर विधायक चुना जाना है, लेकिन जनप्रतिनिधि कानून के तहत विधानसभा के आखिरी एक साल में उपचुनाव नहीं कराए जा सकते हैं।

आम आदमी पार्टी के नेता कर्नल (रिटायर्ड) अजय कोठियाल उप चुनाव में मुख्‍यमंत्री तीरथ सिंह रावत के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। आम आदमी पार्टी ने उन्‍हें अपना उम्‍मीदवार घोषित किया गया है। अगर गंगोत्री सीट से मुख्‍यमंत्री उप चुनाव लड़ते हैं तो कर्नल कोठियाल उनके खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।