Accused of plotting to kill Salman Khan arrested

पौड़ी : हरियाणा पुलिस पुलिस ने बॉलीवुड स्टार सलमान खान की हत्या की साजिश रचने के आरोपित को पौड़ी गढ़वाल के पातल गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपित राहुल उर्फ सांगा अपने दोस्त के साथ उसके गाँव आया हुआ था। स्थानीय पुलिस व राजस्व विभाग को इस गिरफ्तारी की भनक तक नहीं लगी थी।

जानकारी के मुताबिक बालीवुड स्टार सलमान खान की हत्या की साजिश रचने के आरोपित राहुल उर्फ सांगा को फरीदाबाद (हरियाणा) पुलिस ने पौड़ी से करीब 12 किमी दूर पातल गांव से बीते 15 अगस्त को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद हरियाणा पुलिस की ओर से मीडिया को जानकारी दिये जाने के बाद स्थानीय प्रशासन को इस बात की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि राहुल अपने किसी दोस्त के साथ यहां आया था। राहुल उर्फ सांगा पातल गांव में जिसके घर में रह रहा था वह राहुल के दोस्त का दोस्त था। और उसे भी मालूम नहीं था कि राहुल उर्फ सांगा हरियाणा का वांछित अपराधी है। उसे सिर्फ इतना बताया गया था कि राहुल पहाड़ घूमने आया है। जानकारी के मुताबिक राहुल उर्फ सांगा उर्फ बाबा ने इसी साल जनवरी में मुंबई के बांद्रा में सलमान खान की रेकी की थी। वह दो दिन तक मुंबई में रुका था। इस दौरान वो सलमान खान के बाहर आने जाने पर पूरी नजर रखता था। यह भी पता चला है कि वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करता है। इतना ही नहीं 24 जून को फरीदाबाद में राशन डीलर प्रवीन की हत्या का मुख्य आरोपी भी राहुल ही है। इसके साथ ही उस पर और भी कई गंभीर आरोप है। पुलिस ने आरोपित राहुल को 15 अगस्त को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से गिरफ्तार कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। मंगलवार को रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में नीमका जेल भेज दिया गया।

स्थानीय पुलिस व राजस्व विभाग को फरीदाबाद पुलिस के पौड़ी पहुंचने व राहुल को गिरफ्तार कर ले जाने की भनक तक नहीं लगी। बुधवार को मीडिया में खबर प्रकाशित होने पर हरकत में आई पुलिस ने इस संबंध में जानकारी जुटाई। एसएसपी पौड़ी पी रेणुका देवी ने बताया कि उक्त आरोपित की गिरफ्तारी पातल गांव से हुई है जो राजस्व क्षेत्र में है। जिससे स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी दी गई। वहीं एसडीएम सदर श्याम सिंह राणा ने भी इस संबंध में फरीदाबाद पुलिस से कोई सूचना न दिए जाने की बात कही। एसडीएम सदर श्याम सिंह राणा ने कहा कि मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। गांव में जिस व्यक्ति के यहां राहुल रह रहा था। उससे जानकारी ली जाएगी।