Assembly election 2022: चुनाव आयोग ने देश में जारी कोरोना की तीसरी लहर के बीच आखिरकार आज पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड सहित कुल 5 राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के लिए 7 चरणों में मतदान कराया जायेगा। पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में एक ही चरण में वोटिंग होगी. जोकि 14 फरवरी को होगा। वहीँ मणिपुर में दो चरणों में मतदान होगा। मणिपुर में 27 फरवरी और 03 मार्च वोटिंग होगी। जबकि उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में मतदान कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 03 मार्च, 7 मार्च को इलेक्शन होंगे। 10 मार्च को मतगणना की जाएगी। इसके साथ ही इन पांच राज्यों में आदर्श आचार सहिंता लागू हो चुकी है।

5 राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों को लेकर चुनाव आयोग द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने बताया कि कोरोना नियमों के साथ चुनाव कराये जायेंगे। कुल 18.3 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें से 8।55 करोड़ महिला मतदाता हैं। इसके लिए 2 लाख 15 हजार 367 पोलिंग बूथ होंगे। 2017 के विधानसभा चुनावों से मतदान केंद्रों की संख्या 16% बढ़ाई गई है। हर बूथ पर 1250 मतदाता वोट दाल सकेंगे। पोलिंग बूथ ग्राउंड फ्लोर ही होंगे। 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग व्यक्ति और कोविड-19 पॉजिटिव व्यक्ति पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकते हैं। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने 15 जनवरी तक सभी प्रकार के भौतिक चुनाव प्रचार पर रोक लगा दी है।

उत्तराखंड में 14 फरवरी को डाले जाएंगे वोट

उत्तराखंड में दूसरे चरण में यानी 14 फरवरी को मतदान होगा। उम्मीदवारों के लिए नामांकन प्रक्रिया 25 जनवरी से शुरू होंगी। नामांकन की आखिरी तारीख 28 जनवरी होगी। 29 जनवरी को स्क्रूटनी होगी। जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 31 जनवरी रखी गयी है। इसके बाद 14 फरवरी 2022 को पूरे प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।