Aparna Joshi Haldwani

उत्तराखंड की होनहार बेटियां लगातार देश दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर रही है। उत्तराखंड के हल्द्वानी की रहने वाली अपर्णा जोशी को अमेरिका की आयोवा यूनिवर्सिटी ने 1.64 करोड़ की छात्रवृत्ति के लिए चयनित किया है। अपर्णा को यह छात्रवृत्ति सिविल इंजीनियरिंग परिवहन के क्षेत्र में शोध करने के लिए अमेरिका की आयोवा यूनिवर्सिटी की ओर से अगले 5 साल तक प्रदान की जाएगी।

मूलरूप से आदर्श नगर हल्द्वानी की निवासी अपर्णा जोशी ने कक्षा 10 वीं से 12 वीं तक की पढ़ाई निर्मला कान्वेंट स्कूल काठगोदाम से की है। उन्होंने जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर से सिविल इंजीनियरिंग परिवहन में बीटेक किया। उसके बाद उन्होंने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी हैदराबाद से परिवहन में एमटेक की डिग्री प्राप्त की।

अपर्णा वर्तमान में नोएडा में डब्ल्यूएसपी इंडिया ग्लोबल इंजीनियरिंग कंसलटेंसी कंपनी में बतौर ग्रेजुएट इंजीनियर काम कर रही हैं। उनकी माता संतोष जोशी राजकीय बालिका हाई स्कूल राजपुरा में प्रधानाचार्य और पिता डॉ. राजेंद्र प्रसाद जोशी यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से मुख्य प्रबंधक के पद से अवकाश प्राप्त हैं। बेटी की सफलता के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।