देहरादून : उत्तराखंड में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव-2022 का समय नजदीक आ रहा है, वैसे ही राजनैतिक दल चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों को धार देने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज एक बार फिर देहरादून पहुंचे हैं। अरविंद केजरीवाल ने प्रेसवार्ता के दौरान एलान किया है कि कर्नल अजय कोठियाल उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में आप पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।
केजरीवाल ने इस दौरान उन्होंने कोठियाल की उपलब्धियों के बारे में भी बात की। केजरीवाल ने कहा कि कर्नल कोठियाल वो शख्स हैं, जिन्होंने अपनी जान की बाजी लगाकर देश की रक्षा की। जब उत्तराखंड के नेता इस प्रदेश को लूट रहे थे, तब यह शख्स सीमा पर देश की हिफाजत में लगा था। कुछ साल पहले केदारनाथ आपदा आई थी। तब इस शख्स ने अपनी टीम के साथ मिलकर केदारनाथ का पुनर्निर्माण किया था, अब इन्होंने उत्तराखंड के नवनिर्माण का बीड़ा उठाया है।
केजरीवाल ने आगे कहा कि अजय कोठियाल बेहद ईमानदार सेना अधिकारी रहे हैं। वे उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में कामयाब रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के निर्माण के समय जो सपना देखा गया था, वह यहां की भ्रष्ट राजनीति के कारण सफल नहीं हो पाया है, लेकिन कर्नल अजय कोठियाल लोगों के उस सपने को पूरा करने का दम रखते हैं। उन्होंने कर्नल कोठियाल को भोले का फौजी बताया और कहा कि उन्होंने आपदा के बाद केदारनाथ पुनर्निर्माण के कार्यों बखूबी अंजाम दिया।
बता दें कि कर्नल अजय कोठियाल राज्य के युवाओं के बीच वे एक आइकन के रूप में देखे जाते हैं। वे लंबे समय से अपने निजी संगठन के माध्यम से युवाओं को नौकरी दिलाने का काम करते रहे हैं। उनका पूर्व में किया गया यह काम आज उनकी राजनीतिक पारी में काम आ सकता है।
मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि उन पर भरोसा जताने के लिए वे अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि सेना में रहते हुए भी वे अपने राज्य के युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार मुहैया कराने का काम किया करते थे। लेकिन वह सब अपना वेतन देकर किया जाता था। अगर उत्तराखंड की जनता उन्हें सेवा करने का अवसर देती है तो वे इस मुहिम को पुरजोर तरीके से आगे बढ़ाएंगे।
अरविंद केजरीवाल ने दूसरी घोषणा करते हुए कहा कि हम उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए आध्यात्मिक राजधानी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हम उत्तराखंड को देवभूमि कहते हैं। यहां इतने तीर्थ स्थान हैं। कितने देवी देवताओं का वास है यहां। पूरी दुनिया से हिन्दू यहां श्रद्धा के साथ दर्शन करने आते हैं।