पौड़ी: मॉरीशस में 9 से 15 जनवरी तक आयोजित होने वाले 9वें अंतरराष्ट्रीय हिंदी अधिवेशन में पौड़ी की हिंदी लेखिका डॉ. आशा बिष्ट को आमंत्रित किया गया है। गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर पौड़ी में हिंदी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर (गेस्ट फैकल्टी) के रूप में कार्यरत डॉ. आशा बिष्ट इससे पूर्व भी वे कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हिंदी काव्यपाठ कर चुकी हैं।
इस अधिवेशन में डॉ. आशा बिष्ट 10 जनवरी को ‘विश्व में राजभाषा हिंदी के बढ़ते कदम‘ विषय पर व्याख्यान देंगी। साथ ही वह 11 जनवरी को कविता पाठ करेंगी।
भाषा सहोदरी हिंदी न्यास एवं महात्मा गांधी संस्थान मॉरीशस के संयुक्त तत्वाधान में 9वां अंतरराष्ट्रीय हिंदी अधिवेशन-2023 का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया अधिवेशन का 9 से 15 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन न्यास के अध्यक्ष जयकांत मिश्रा के संचालन में संपन्न होगा। अधिवेशन में आशा बिष्ट को वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया है।
महात्मा गांधी संस्थान मॉरीशस की स्थापना भारत व मॉरीशस सरकार ने वर्ष 1970 में की थी। जिसका उद्घाटन पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया था। अधिवेशन में भारत व मॉरीशस के विभिन्न संस्थानों के शिक्षाविद्, शिक्षक, प्रोफेसर, लेखक, साहित्यकार, पत्रकार, कुलपति, प्रवासी भारतीय प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान भाषा सहोदरी हिंदी न्यास की सहोदरी पत्रिका का विमोचन भी किया जाएगा।



