sarita-arya-join-bjp

देहरादून : उत्तराखंड में जैसे जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं वैसे वैसे नेताओं का दलबदलने का काम तेज होता जा रहा है. उधर बीजेपी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हरक सिंह रावत पार्टी से निष्कासित होने के बाद कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं तो इधर कांग्रेस की प्रदेश महिला अध्यक्ष व पूर्व विधायक सरिता आर्य आज भाजपा में शामिल हो गई हैं। सरिता आर्य को देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी की में शामिल किया गया। सरिता यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य के कांग्रेस में आने से नाराज है। वे नैनीताल सीट से चुनाव लड़ना चाहती हैं। उन्होंने हाल ही में भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी से मुलाकात भी की थी। सरिता आर्य के साथ ही कांग्रेस महिला प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा बोरा गुप्ता और वंदना गुप्ता भी भाजपा में शामिल हो गईं।

सरिता आर्य कुमाऊं मंडल में नैनीताल सुरक्षित सीट से 2012 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुई थीं। 2017 के चुनाव में वह हार गईं थीं। सरिता आर्य वर्तमान में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं। नैनीताल से टिकट कटने से सरिता आर्य नाराज चल रहीं थी।

कांग्रेस ने छह साल के लिए किया निष्कासित

वहीं सरिता आर्य को कांग्रेस पार्टी ने सभी पदों से हटाते हुए छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इससे पहले सरिता आर्य ने बगावती तेवरों से कांग्रेस मुख्यालय भवन का माहौल गरमाए रखा था। भाजपा नेताओं से मुलाकात की खबरों के बाद उन्होंने शनिवार को पार्टी कार्यालय में साफ तौर पर कहा था-अभी तो मैं कांग्रेस में हूं, आगे का पता नहीं। लोकतंत्र है, हर कोई अपने लिए सोचने को स्वतंत्र है। भाजपा टिकट देगी तो वह वहां से भी चुनाव लड़ लेंगी।