स्वास्थ्य एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवन्त सिंह चौहान द्वारा आज थाना थलीसैंण के नवनिर्मित भवन का भूमि पूजन करने के बाद आधारशिला रखी गयी। पुलिस कर्मियों के कल्याणार्थ 215.19 लाख का प्रशासनिक भवन एवं 99.56 लाख के टाइप-02 के आवासीय भवन जल्द बनकर तैयार हो जायेंगे।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा थानाध्यक्ष एवं सिंचाई विभाग के जेई सुनील उप्रेती को निर्देशित किया गया कि आधुनिकतम सुविधाओं से युक्त निर्मित होने वाले थाना के भवन एवं टाइप-2 के 04 आवासीय भवनों का समय पर निर्माण पूरा होना चाहिए, ताकि नवनिर्मित थाने में पुलिस कर्मचारी व अधिकारी लॉ एंड ऑर्डर कायम रखने के लिए बेहतर माहौल में कार्य करके अपराध पर कारगर अंकुश लगा सकें।

उन्होंने कहा कि नए भवन में भू-तल पर गाड़ियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था थानाध्यक्ष रूम, ड्यूटी ऑफिसर रुम, महिला हेल्प डेस्क, महिलाओं व बच्चों के लिए कक्ष, पुरुष व महिलाओं के लिए अलग-अलग लॉकअप, पूछताछ कक्ष, मालखाना, स्टोर, असला कक्ष, रिकार्ड रुम, पुरुष/महिला व दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग वॉशरुम, मनोरंजन कक्ष तथा किचन रुम सहित सभी सुविधाओं से युक्त थाने का निर्माण किया जाएगा।

तत्पश्चात थाना थलीसैंण परिसर में स्थानीय सीएलजी मेंबरों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, व्यापारियों एवं वाहन चालकों के साथ गोष्ठी का आयोजन किया गया।

भूमि पूजन के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शांति देवी, क्षेत्राधिकारी सदर प्रेम लाल टम्टा, थानाध्यक्ष थलीसैंण सतेंद्र भंडारी, सहायक अभियंता लघु सिंचाई निर्माण विभाग कार्यदाई संस्था श्रीनगर गढ़वाल, थलीसैंण की सम्मानित जनता व अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।