Ramesh Pokhriyal resigns

नयी दिल्ली : केंद्रीय मंत्रिमंडल में होने वाले बदलाव से पहले नई दिल्ली से बड़ी खबर आ रही है। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय शिक्षा मंत्री और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में होने वाले पहले बड़े विस्तार में कई नए चेहरों को मौका मिल रहा है। इसके अलावा कई नेताओं की छुट्टी भी की जा रही है। इसीक्रम में आज रमेश पोखरियाल निशंक की कैबिनेट से छुट्टी हो गई है। वहीं श्रम व रोजगार मंत्री संतोश गंगवार और देबोश्री चौधरी ने भी केंद्रीय कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया।

केंद्रीय कैबिनेट में आज शाम 6 बजे बड़ा बदलाव होना है, उससे पहले दिल्ली में सियासी हलचल जारी है। मंत्रिमंडल में नए नामों के जुड़ने से पहले कुछ पुराने नामों को विदाई दी जा रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के अलावा श्रम व रोजगार मंत्री संतोश गंगवार और देबोश्री चौधरी ने भी केंद्रीय कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया।

जानकारी के मुताबिक, रमेश पोखरियाल निशंक को खराब स्वास्थ्य की वजह से केंद्रीय कैबिनेट से हटाया गया है। बता दें कि कुछ दिन पहले कोरोना के चलते एम्स अस्पताल में भर्ती हुए थे। इसके बाद उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी गई थी और उन्हें करीब 15 दिन तक आईसीयू में भी रहना पड़ा था। कोरोना काल में छात्रों की परीक्षाओं और सिलेबस को लेकर रमेश पोखरियाल निशंक ने शिक्षा मंत्री के तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया जा रहा है।