देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज उत्तराखंड कैबिनेट बैठक होगी। बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे। विधानसभा में होने वाली बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है। बता दें कि मुख्यमंत्री धामी ने मानसून सत्र के दौरान सदन में कई घोषणाएं की हैं। इन घोषणाओं पर आज होने वाली कैबिनेट में मुहर लग सकती है।
यहां हम आपको बता दें कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लंबित पड़ी सभी विकास योजनाओं को जल्द पूरा करना चाहते हैं। इसके अलावा राज्य के बेरोजगार युवकों के लिए कई विभागों में भर्तियां निकाली गई है। वहीं विधानसभा मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कई घोषणाएं की। परिवहन सेक्टर को छह महीने के लिए टैक्स छूट देने का एलान किया है तो बिजली के बिलों के फिक्स चार्ज पर भी तीन माह की छूट दी जाएगी। इसके साथ ही पर्यावरण मित्रों को छह महीने तक दो-दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता, पीएम स्वनिधि में रजिस्टर्ड लाभार्थियों को पांच महीने तक दो-दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।
3.54 लाख लोगों से जुड़ी ये सभी घोषणाएं 202 करोड़ रुपये से अधिक राशि की है। वहीं गुरुवार को ही राज्य के गेस्ट टीचरों के मानदेय की 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिए गए हैं। बता दें कि 23 अगस्त से चल रहे मानसून सत्र का आज आखिरी दिन है।