देहरादून : उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने देहरादून के केदारवाला में भरी दोपहरी में महिला किसानों को खेत में गेहूं काटते हुए देखा तो अपने आपको नहीं रोक सकीं। वह खेत में गेहूं काट रहीं महिला के बीच जा पहुंची। कैबिनेट मंत्री आर्या ने महिलाओं के साथ गेहूं की फसल काटी।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ग्राम प्रधान तबस्सुम इमरान के साथ गेहूं की कटाई के साथ ही थ्रेसर पर गेहूं की मडाई भी की। इसके साथ गांव की खेत में काम कर रही महिलाओं से खेत की बुवाई से लेकर क्रय केंद्रों पर गेहूं व अन्य अनाज के विक्रय की जानकारी ली। उन्होंने महिला किसानों से खेती में आने वाली समस्याओं के बारे में विस्तार से सुना। वहीं महिलाओं से राशन की दुकानों से सरकार की योजनाओं के तहत मिलने वाले राशन की भी जानकारी ली।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मौजूद महिला किसानों को सम्मानित किया। ग्राम प्रधान तबस्सुम इमरान एवं पूर्व प्रधान इमरान खान ने शाल ओढ़ाकर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा की उनकी सरकार सदैव किसानों और महिलाओं के साथ खड़ी है। साथ ही उनका प्रयास रहेगा कि महिलाओं को किस प्रकार से सशक्त किया जाए। इस दिशा में काम किया जाएगा। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून डाक्टर अखिलेश मिश्र, केदार वाला ग्राम प्रधान तबस्सुम इमरान व पूर्व प्रधान इमरान खान मौजूद रहे।



