car-accident-in-nainital

नैनीताल : उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक शनिवार तडके ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग में हल्द्वानी-भवाली मोटर मार्ग पर भूमियाधार के पास एक कार अनियंत्रित होकर 40 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में एक युवक व युवती की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी भवाली भिजवाया गया, वहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार देर रात कार संख्या DL-8 CAA 2634 भवाली से दिल्ली को जा रही थी। तभी खूपी गेठिया के समीप शुक्रवार रात देर रात करीब 2 बजे कार खाई में गिर गई। सुनसान और अंधेरा होने के कारण समय पर घटना का पता नहीं चल सका। शनिवार की सुबह मॉर्निंग वॉक में निकले बच्चों ने महिला के कराहने की आवाज सुनी। खाई में देखने के बाद लोगों ने हादसे की सूचना ज्योलीकोट पुलिस को शनिवार सुबह करीब 06 बजे हादसे की सूचना दी। सूचना के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो खाई में गिरी कार के अंदर 02 लोगों की मौत हो चुकी थी। जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला दर्द से कराह रही थी। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को खाई से निकालकर 108 के माध्यम से उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा। इसके बाद शवों को भी खाई से निकाला गया।

हादसे में गाजियाबाद निवासी 30 वर्षीय युवक शरीन तथा 25 वर्षीय युवती नीलम शर्मा पुत्री सुशील शर्मा निवासी स्कूल ब्लॉक, शकरपुर, दिल्ली की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साकेत दिल्ली निवासी शाजिया (29 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क कर रही है।