Car Accident near Devprayag : उत्तराखंड के देवप्रयाग क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर आई है। आज सुबह पौड़ी गढ़वाल से देहरादून जा रही एक कार देवप्रयाग से करीब 10 किलोमीटर पहले कुंडाधार के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार शिक्षक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों द्वारा इस हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को निकालकर उपचार के लिए देवप्रयाग अस्पताल पहुँचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक दंपति की पहचान पौड़ी के उज्याड़ी गांव निवासी रविन्द्र सिंह (48 वर्ष) तथा उनकी पत्नी सुषमा देवी (44 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक पौड़ी के उज्याड़ी गांव के रहने वाले रविन्द्र सिंह और उनकी पत्नी सुषमा देवी आज सुबह अपनी मारुति कार से पौड़ी से देहरादून की तरफ जा रहे थे। इस दौरान सबदरखाल में कुंडाधार के समीप उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से 200 मीटर नीचे जा गिरी। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के समय महिला कार चला रही थी। ग्राम प्रधान उज्याड़ी ने भी पुलिस को बताया कि महिला सुषमा कुछ दिनों से कार चलना सीख रही थी। मिली जानकारी अनुसार सुषमा पौडी जिला स्थित प्राथमिक विद्यालय ल्वाली बड़गांव में प्रधानाध्यापिका थी। जबकि रविंद्र सिह जूनियर हाईस्कूल देहलचौरी बाड़ा में शिक्षक थे।