कोटद्वार : पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर मिली है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक लैंसडाउन-जहरीखाल-गुमखाल मोटर मार्ग पर बीती रात एक कार करीब 600 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को कोटद्वार के बेस चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। कार में सवार युवक दिल्ली के पर्यटक बताए जा रहे है। जो घूमने के लिए लैंसडाउन आए थे।
दुर्घटना के बारे में लैंसडाउन के कोतवाल संतोष कुंवर ने जानकारी दी कि कार संख्या (DL 10CM8481) के देर रात जयहरीखाल-लैंसडाउन मोटर मार्ग पर ग्राम बौंठा की सीमा के अंतर्गत फाइबर बैंड के पास अनियंत्रित होकर करीब 600 मीटर गहरी खाई में गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेकिन लगातार हो रही बारिश और घने कोहरे के कारण रात में कार को खाई से नहीं निकाला जा सका।
आज सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने घटनास्थल पर खोजी अभियान चलाया। जिसके बाद कार से दो व्यक्तियों के शव बरामद हुए। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल था। घायल युवक को 108 आकस्मिक चिकित्सा वाहन से कोटद्वार बेस चिकित्सालय में भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि कार में तीन पर्यटक सवार थे।
लैंसडाउन कोतवाल संतोष कुंवर ने जानकारी दी की कार दुर्घटना में मारे गए एक पर्यटक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान नफजगढ़ दिल्ली निवासी अनुज वत्स पुत्र महावीर सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस को दुर्घटना स्थल पर एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर दूसरे व्यक्ति की शिनाख्त की जा रही है। इसी के साथ दिल्ली स्थिति दुर्घटना में जान गवा चुकें पर्यटकों के परिवारों से पुलिस संपर्क करने की कोशिश कर रही है।