पौड़ी : पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 7 बजे ग्राम भटकोट, पट्टी बनगढ़स्यूं के नजदीक पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गयी। दुर्घटना के वक्त कार में 4 लोग सवार थे, जो चुनाव ड्यूटी संपन्न करने के बाद आज सुबह अपने-अपने घरों को लौट रहे थे। इस हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से इलाज के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी ले जाया गया है। जबकि एक व्यक्ति की मृत्यु की सूचना मिली है।
राजस्व उपनिरीक्षक दीपक देवरानी ने बताया कि चारों लोग देहरादून जनपद के रहने वाले थे। और कल हुए विधानसभा चुनाव में पौड़ी गढ़वाल के नैनीडांडा ब्लॉक में चुनाव ड्यूटी करने आये थे। चुनाव ड्यूटी ख़त्म होने के बाद आज सुबह जब वे एक निजी कार में सवार होकर अपने-अपने घरों के लिए निकले तो इसीबीच ग्राम भटकोट के पास यह हादसा हो गया।
इस दुर्घटना में रणवीर सिंह नेगी (50 वर्ष) पुत्र त्रिलोक सिंह भानियावाला देहरादून की मौत हो चुकी है। जबकि जय सिंह (54 वर्ष) पुत्र रणजीत सिंह, सुमन विहार ऋषिकेश, सुरेंद्र सिंह रावत (54 वर्ष) पुत्र भोला सिंह हाथीबड़कला देहरादून तथा नरेंद्र गुसाई (45 वर्ष) पुत्र आनंद सिंह विकास नगर देहरादून गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल पौड़ी भेजा गया है।