Rs 413 crore for disaster relief to Uttarakhand

Uttarakhand News: उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश और आपदा की घटनाओं से कई इलाकों में जनजीवन अस्तव्यस्त हो रखा है। प्रदेशभर में 300 से अधिक सड़कें फिलहाल बंद पड़ी हैं। इसमें कई नेशनल हाईवे भी शामिल हैं। इतना ही नहीं चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, नैनीताल और पिथौरागढ़ जैसे इलाके इस बारिश में सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। वहीं हरिद्वार के लक्सर गांव में लगभग 4000 परिवारों पर बाणगंगा का पानी कहर बनकर टूटा है। इन्हीं सब हालातों को देखते हुए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से मदद मांगी थी।

राज्य में आपदा जैसे हालात बनने के बाद अब केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के लिए मदद के हाथ आगे बढ़ाएं हैं। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय की सिफारिश के बाद उत्तराखंड को राज्य आपदा मोचन निधि के तहत 413.20 करोड़ रुपये जारी किए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते पैदा हुईं परेशानियों को लेकर जानकारी ली थी।

इसके बाद अब केंद्र सरकार की ओर से उत्तराखंड को 413.20 करोड़ रुपये की मदद दी गई है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने बुधवार को सचिवालय में प्रदेश में आपदा की स्थिति एवं राहत कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलों के डीएम से उनके क्षेत्र में नदियों के जलस्तर, लैंड स्लाइड, बंद सड़कों, जानमाल की क्षति आदि के साथ ही मुआवजा वितरण की जानकारी मांगी।

मुख्यमंत्री ने सभी डीएम-एसपी को आपदा से निपटने के लिए क्षेत्रों का दौरा कर जरूरी कदम उठाने के भी निर्देश दिए। राजमार्गों के साथ ग्रामीण सड़कें भी जल्द खोलने की व्यवस्था करने को कहा। सीएम ने सभी विभागीय प्रमुखों को आपदा के समय लोगों की मदद को तत्पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में अभी स्थिति नियंत्रण में है पर चुनौती लगातार बनी हुई है। इसके लिए हर समय अलर्ट और एक्टिव मोड में रहने की जरूरत है।