गोपेश्वर: चरण पादुका गोथल समिति द्वारा स्थापना दिवस का आयोजन बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समिति ने गांव में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।

समिति ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही है। समिति द्वारा संचालित “डाली लगोला–जीवन बचोला” अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

समिति के तहत महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें आटा, चावल और चीनी के थैलों से कैरी बैग बनाना, माता श्रृंगार सामग्री तैयार करना, फटे-पुराने कपड़ों से दरी बनाना, हाथ के बैंड, रोटना और धूप बनाना आदि शामिल हैं। इसके साथ ही जन्मदिन, शादी, शादी की सालगिरह, भागवत कथा, भवन निर्माण और नए वाहन खरीदने जैसे शुभ अवसरों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाता है।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें श्रीमती सुषमा चौहान को जैविक खेती के क्षेत्र में, श्रीमती बीना पवार को स्वरोजगार और जैविक खेती के लिए, प्रीति दानू को पर्यावरण संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण के लिए, संतोषी कुँवर को पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण में योगदान के लिए, संगीता देवी को पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार के लिए, पूनम मैठाणी को महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और पर्यावरण संरक्षण के लिए सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार रश्मि देवी को सामूहिक वानिकी और पर्यावरण संरक्षण, प्रीति देवी को महिला सशक्तिकरण व स्वरोजगार, लज्जू देवी को महिला सशक्तिकरण व सामूहिक वानिकी, आरती देवी को महिला सशक्तिकरण व निशुल्क कार्यशालाओं में योगदान तथा पूजा भट्ट को स्वरोजगार के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं कार्तिक तिवारी को अपनी कविताओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता फैलाने के लिए सम्मानित किया गया।

समिति की अध्यक्ष श्रीमती दीपा देवी को समिति का सफल संचालन करने के लिए विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोऑपरेटिव बैंक की प्रबंधक श्रीमती सपना चंद्रा उपस्थित रहीं, जिन्हें तिल और तिलु रोतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा साहित्यकार श्रीमती शशि देवली, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रवक्ता कुंवर सिंह रावत, डिग्री कॉलेज के प्राचार्य दर्शन सिंह नेगी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की अध्यापिका श्रीमती राखी चौहान, समाजसेवी मोहन नेगी और चंडी प्रसाद तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में समिति की अध्यक्ष दीपा देवी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

जगमोहन डांगी