Chief Minister pays tribute to martyr Rajendra Singh Negi

देहरादून : बीते 8 जनवरी को कश्मीर के गुलमर्ग में पाकिस्तान सीमा पर चौकसी के दौरान लापता हुए 11वीं गढ़वाल रायफल्स के शहीद जवान राजेंद्र सिंह नेगी का पार्थिव शव श्रीनगर से विशेष विमान से बुधवार रात देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट लाया गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर शहीद के पिता रतन सिंह नेगी, भाई कुंदन सिंह नेगी और दिनेश नेगी भी मौजूद थे। इसके बाद सेना के वाहन से गढ़ी कैंट स्थित मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया। जहां से आज सुबह शहीद का पार्थिव शरीर शहीद के अंबीवाला स्थित घर पर लाया गया। जहां शहीद के घरवालों को अंतिम दर्शन कराए गए। इसके बाद पूर्व सैनिकों, सेना के अफसरों व स्थानीय माननीयों ने शहीद को सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शहीद के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए शहादत को नमन किया। इसके बाद शहीद के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाया गया।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सैनिक काॅलोनी, अम्बीवाला, देहरादून में 11वीं गढ़वाल रायफल्स के शहीद हवलादार राजेन्द्र सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनके परिवारजनों को सांतवना दी। उन्होंने कहा कि हवलदार राजेन्द्र सिंह के पार्थिव देह को ढ़ूढ़ने के लिए जवानों ने काफी मेहनत की। रक्षा मंत्री जी एवं सेनाध्यक्ष से भी इस संबंध में बात हुई थी। मुख्यमंत्री पहले भी हवलदार राजेन्द्र सिंह के पिता एवं पत्नी से मिले थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शहीद राजेन्द्र सिंह के परिवारजनों को अनुमन्य सहायता राशि दी जायेगी। उनकी पत्नी को उनकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर राजकीय सेवा में नौकरी दी जायेगी। इस दौरान विधायक हरवंश कपूर, गणेश जोशी, सहदेव सिंह पुण्डीर एवं सैन्य अधिकारियों ने हवलदार राजेन्द्र सिंह के पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।