Antyodaya free gas scheme in uttarakhand

Pauri news: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने दो दिवसीय दौरे पर आज पौड़ी पहुंचे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य तथा स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी शामिल थे। सीएम धामी ने पौड़ी के कंडोलिया मैदान से मुख्यमंत्री अंत्योदय निशुल्क गैस रिफिल योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत प्रदेश के 1 लाख 76 हजार गरीब परिवारों को प्रतिवर्ष तीन निशुल्क गैस सिलेण्डर रिफिल का लाभ मिलेगा। इससे प्रदेश के खजाने पर सालाना 55 करोड़ का अतिरिक्त भार पड़ेगा।

रविवार को पौड़ी के कण्डोलिया मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि देश की गरीब महिलाओं को चूल्हे के धुंवे से मुक्ति दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उज्वला योजना का शुभारंभ किया था। इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए विधानसभा चुनावों से पूर्व प्रदेश में निशुल्क गैस रिफिल योजना आरम्भ करने का संकल्प लिया था। अब इस संकल्प को सिद्ध करते हुए प्रदेश में अंत्योदय निःशुल्क गैस योजना का शुभारंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि राशन कार्ड पर मिलने वाले निःशुल्क खाद्यान्न में में अब चीनी, तेल, नमक व मसालों को भी शामिल करने का विचार किया जा रहा है। कार्यक्रम में बोलते हुए खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री रेखा आर्य ने मुख्यमंत्री के हाथों निशुल्क गैस रिफिल योजना के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाओं के कंधों का बोझ कम करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। प्रदेश के विकास को गति प्रदान करने के लिए सरकार लगातार उचित दिशा में काम कर रही है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा सुषमा रावत, विधायक रेनु बिष्ट, राजकुमार पोरी, दिलीप रावत, नगरपालिकाध्यक्ष पौड़ी यशपाल बेनाम आदि उपस्थित थे।

इससे पहले सीएम धामी के पौड़ी पहुँचने पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में काले झंडे लेकर गो बैक सीएम के नारे लगाते रहे। हालाँकि पुलिस ने प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों को पहले ही कंडोलिया मैदान जाने से रोक दिया।

इस दौरान प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा प्रदेश में बेरोजगार युवा रोजगार के लिए आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार युवाओं को लाठियों से मार रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा सरकार की मनमानी को चलने नहीं दिया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा वे सीएम के पौड़ी दौरे का आज विरोध कर रहे हैं, साथ ही वे सीएम के दूसरे कार्यक्रमों का भी विरोध करेंगे।