पौड़ी : सियाचिन में शहीद हुए पौड़ी गढ़वाल के जवान विपिन सिंह गुसाईं का पार्थिव शरीर आज सुबह उनके पैतृक गांव धारकोट पहुंचा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांव पहुंचकर शहीद को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। दोपहर बाद पैतृक घाट पर शहीद का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा की शहीद के परिजनों को राज्य सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद विपिन सिंह एक परिवार का ही नहीं बल्कि देश का बेटा है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहीद के गांव जाने वाला मोटर मार्ग धारकोट-इठूड का नाम तथा राजकीय इंटर कॉलेज चम्पेश्वर का नाम शहीद विपिन सिंह गुसाईं के नाम पर किया जाएगा। इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. विजय जोगदण्डे, एसएसपी पी रेणुका देवी भी शामिल रहे।
पाबौ विकासखंड के अंतर्गत ग्राम धारकोट निवासी विपिन सिंह गुसाईं बीते रविवार को सियाचिन में ग्लेशियर की चपेट में आने से शहीद हो गए थे। 24 वर्षीय विपिन सिंह 57 बंगाल इंजीनियरिंग के जवान थे और इन दिनों सियाचिन में तैनात थे। विपिन सिंह करीब 4 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे। शहीद के माता और पिता गांव में रहते हैं। शहीद विपिन के पिता भी सेना से रिटायर्ड है। बड़ा भाई भी सेना में है।