देहरादून : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को देहरादून के कुंआवाला (हर्रावाला) में देश के पांचवे कोस्टगार्ड भर्ती केंद्र का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देवभूमि व वीरभूमि के रूप में दुनियाभर में पहचान रखने वाला उत्तराखण्ड राज्य सैनिक धाम के रूप में विकसित हो रहा है। इस भर्ती केन्द्र के लिए भारत सरकार से 17 करोड़ रूपये भूमि के लिए व 25 करोड़ रूपये भवन निर्माण के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। इस भर्ती केन्द्र के लिए पूरा खर्चा भारत सरकार वहन करेगी। यह भर्ती केन्द्र ड़ेढ़ वर्ष में बनकर तैयार हो जायेगा। यह भर्ती केन्द्र केन्द्र चार राज्यों उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, हिमांचल प्रदेश और हरियाणा के लिए बनाया जा रहा है।
शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर भारतीय तटरक्षक के महानिदेशक राजेंद्र सिंह भी मौजूद भी रहे। भारतीय तटरक्षक के महानिदेशक राजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रति छह माह में करीब 40000 युवा यहां भर्ती के लिए आएंगे। जिसमें से डेढ़ से दो हजार युवाओं को रोजगार मिल सकेगा। कोस्टगार्ड भर्ती सेंटर करीब 42 करोड़ रूपए की लागत से बनेगा। कोस्टगार्ड भर्ती केंद्र का पूरा खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी। नोएडा, मुम्बई, चेन्नई व कोलकत्ता के बाद यह उत्तराखण्ड में 5वां कोस्टगार्ड भर्ती केन्द्र होगा। उन्होंने कहा कि भारत की कोस्टगार्ड विश्व की चौथी सबसे बड़ी कोस्टगार्ड है। काम के मामले में आज भी सबसे आगे है। उन्होंने इस भर्ती केन्द्र के लिए अपेक्षित भूमि आवंटन करने पर मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।
थलसेना, वायुसेना व नौसेना के भर्ती केन्द्र उत्तराखण्ड में पहले से ही हैं। कोस्टगार्ड भर्ती केन्द्र खुलने से राज्य के युवाओं को तटरक्षक बल में करियर बनाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि यह रैबार कार्यक्रम का प्रतिफल है कि उत्तराखण्ड में कोस्टगार्ड का भर्ती सेंटर खुलने जा रहा है, जबकि देहरादून में देश का पहला ड्रोन एप्लिकेशन रिसर्च सेंटर खुल चुका है। उत्तराखण्ड में पांचवे धाम के रूप में सैन्यधाम को विकसित करने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प की दिशा में यह एक बड़ी पहल है।
इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, श्रीमती अनीता मंमगई, सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजनरणजीत सिन्हा, अपर सचिव डॉ अहमद इकबाल, निदेशक सेवायोजन जीवन सिंह नगन्याल आदि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:
DU की पहली कट ऑफ लिस्ट में हिंदू कॉलेज में पॉलिटिकल साइंस के लिए चाहिए 99%