Colonel Ajay Kothiyal resigns: आम आदमी पार्टी (आप) को उत्तराखंड में बड़ा झटका लगा है। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी के सीएम फेस रहे वरिष्ठ नेता कर्नल अजय कोठियाल ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। अजय कोठियाल ने लिखा कि पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्धसैनिकों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बुद्धिजीवियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैं 18 मई 2022 को आम आदमी पार्टी की सदस्यता से अपना त्यागपत्र दे रहा हूं।

कर्नल अजय कोठियाल ने गतवर्ष 19 अप्रैल 2021 को आम आदमी पार्टी का दामन थमा था. उसके बाद 17 अगस्त को आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कर्नल अजय कोठियाल उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2022 में आप पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित किया था। हालाँकि उनके नेतृत्व में आप को विधानसभा चुनाव 2022  में करारी हार का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री पद का चेहरा रहे कर्नल अजय कोठियाल ने उत्‍तरकाशी जनपद की गंगोत्री विधानसाभ सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में कर्नल कोठियाल अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए थे। उन्‍हें मात्र 6,161 वोट मिले थे। पार्टी कुल 70 सीटों में से एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।

Ajay-Kothiyal-resigns-from-AAP

कर्नल कोठियाल का जन्म 26 फरवरी 1969 को ग्राम चौंफा, जिला टिहरी गढ़वाल, उत्तराखंड में हुआ था। उन्हें बचपन से ही आर्मी में जाने का शौक था। कर्नल अजय कोठियाल 1992 में चौथी गढ़वाल में बतौर सैन्य अधिकारी शामिल हुए। कर्नल अजय कोठियाल का सेना में शानदार प्रदर्शन रहा है। 2002 में ऑपरेशन पराक्रम के दौरान उन्होंने अकेले 17 आतंकवादियों को ढेर किया था। इस अभियान के लिए उन्होंने ऐसी तकनीक अपनाई थी जिसे बाद में सेना के पाठ्यक्रम में शामिल किया गया। इस अभियान के लिए उन्हें कीर्ति चक्र प्रदान किया गया था। इसके अलावा इस जाबांज सैन्य अधिकारी को सेना में रहते हुए शौर्य चक्र, विशिष्ट सेवा मेडल, सैन्य सेवा, आपरेशन विजय मेडल सहित दर्जन भर प्रशस्ति मेडल मिले हैं। 2012 में एवरेस्ट फतह कर चुके कोठियाल के नाम 8163 मीटर ऊंची नेपाल की मनासलू चोटी को पहली बार फतह करने का भी रिकॉर्ड दर्ज है। यही नहीं 1999 मे जब कारगिल की लड़ाई हुयी थी तो वे पहली टीम के कैप्टिन थे। वे उत्तरकाशी के नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) मे प्रधानाचार्य भी रह चुके हैं।

इसके अलावा वर्ष 2013 मे जब केदारनाथ मे आपदा आयी थी तो कर्नल कोठियाल ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण में अहम भूमिका निभाई। कर्नल कोठियाल ने यूथ फाउंडेशन ट्रस्ट की नींव रखी। यूथ फाउंडेशन द्वारा अब तक 20 हजार से भी ज्यादा युवाओं को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। जिसमे से करीब 12 हजार युवा सेना व अर्द्धसैनिक बलों में भर्ती हो चुके हैं। ट्रेंनिंग कैंप में लड़कियों को भी ट्रेनिंग दी जाती है। कर्नल अजय कोटियाल युवाओ को हमेशा सेना मे जाने के लिए प्रेरित करते रहते है। उनके शिविरों मे ट्रेनिंग देकर युवाओं को सेना में जाने के लिए तैयार किया जाता है।

कर्नल कोठियाल ने 19 अप्रैल 2021 में आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्यता ली और आज 18 मई 2022 को पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।