पौड़ी: खैरालिंग महादेव मंदिर में आयोजित दस दिवसीय शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ, हवन एवं कथा का गुरुवार को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ भव्य समापन हो गया। यह आयोजन 16 मार्च से प्रारंभ हुआ था, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रतिदिन भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।
इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन प्रसिद्ध कथा वाचक संत श्रद्धेय श्री केदार बाबा राजेश देवेश नाथ महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि विश्व शांति, सनातन धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से वे वर्षों से विभिन्न सिद्धपीठों में शिव महापुराण कथा का आयोजन करते आ रहे हैं। खैरालिंग महादेव मंदिर में यह उनकी 105वीं शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा थी।
कार्यक्रम के अंतिम दिन विधिवत हवन, पूजन एवं पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने कथा वाचक संत से आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में खैरालिंग महादेव मंदिर समिति एवं क्षेत्रीय जनता का विशेष योगदान रहा। मंदिर समिति के अध्यक्ष अनिल नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय डबराल (मिंटू), सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश खरखवाल, उपाध्यक्ष जसपाल सिंह नेगी, सचिव विवेक नेगी, मोहित सिंह, नवीन जुगरान, रजनी देवी तथा पूर्व प्रधान सकनोली यशोदा देवी सहित अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
धार्मिक आस्था और सामूहिक सहयोग का यह आयोजन क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देकर संपन्न हुआ।



