CORONA VIRUS NEW VARIANT

Corona new variant omicron कोरोना वायरस का एक और नया वेरिएंट आ गया है। दक्षिण अफ्रीका में कोरोना के इस नए स्ट्रेन के मिलने के बाद दुनियाभर में हड़कंप मचा हुआ है। WHO ने कोरोना वायरस के इस नए वेरिएंट को लेकर चिंता ज़ाहिर की है। WHO ने इसे तकनीकी शब्दावली में ‘चिंता वाला वेरिएंट’ (वेरिएंट ऑफ़ कंसर्न/VOC) बताते हुए इसे ‘ओमीक्रोन’ नाम दिया है। WHO को इस वेरिएंट के पहले मामले की जानकारी 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से मिली थी। इस वेरिएंट के सामने आने के बाद दुनिया के कई देशों ने दक्षिणी अफ्रीका से आने-जाने पर प्रतिबंध लगाने का फ़ैसला किया है। इसके अलावा बोत्सवाना, बेल्जियम, हांगकांग और इसराइल में भी इस वेरिएंट की पहचान हुई है। WHO ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह काफी तेज़ी से और बड़ी संख्या में म्यूटेट होने वाला वेरिएंट है। इसलिए शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर WHO ने कहा है कि इस म्यूटेशन के चलते संक्रमण का ख़तरा बढ़ गया है।

भारत समेत दुनिया के तमाम देशों में कोरोना के नए वैरिएंट ने टेंशन बढ़ा दी है। हालांकि भारत में अभी इसके नए वैरिएंट का एक भी केस नहीं मिला है लेकिन फिर भी केंद्र सरकार इसे लेकर अलर्ट हो गई है। सबसे अधिक दक्षिण अफ्रीकी देशों में इस नए ओमिक्रॉन के मरीज सामने आ रहे हैं। अब ओमिक्रॉन से नई लहर का खतरा है, क्योंकि यह डेल्टा से 7 गुना तेजी से फैल रहा है। यही नहीं, यह तेजी से म्यूटेट भी हो रहा है। पकड़ में आने से पहले ही इसमें 32 म्यूटेशन हो चुके हैं। इसे देखते हुए यूरोपीय यूनियन के सभी 27 देशों ने 7 अफ्रीकी देशों से उड़ानों पर रोक लगा दी है। इधर, भारत में नए वैरिएंट का कोई केस नहीं मिला है। फिर भी सिंगापुर, मॉरीशस समेत 12 देशों से आने वाले यात्रियों की गहन जांच होगी।

भारत में भी केंद्र सरकार और राज्यों की सरकारें नए वेरिएंट को लेकर हुई सतर्क

भारत में भी केंद्र सरकार और राज्यों की सरकारें इसे लेकर सतर्क हो गई हैं। कई राज्यों ने RT-PCR की जांच को अनिवार्य कर दिया है। गुजरात सरकार ने जहां दक्षिण अफ्रीका से आनेवाले यात्रियों के लिए RT-PCR की जांच बिना राज्य में एंट्री नहीं दिए जाने की बात कही है तो वहीं  मुंबई प्रशासन ने भी  इस पर सख्ती बरतते हुए दक्षिण अफ्रीका से मुंबई एयपोर्ट पर पहुंचने वाले पैसेंजर्स के लिए क्वारंटाइन और जीनोम सिक्वेंसिंग कराने का फैसला किया है। मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति कोविड-19 पॉजिटिव पाया जाता है तो उसकी जीनोम सिक्वेंसिंग करायी जाएगी।

उत्तराखंड के सीएम धामी ने कोरोना के नए वेरिएंट के दृष्टिगत प्रदेश वासियों से की अपील

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोरोना के नए वैरिएंट के दृष्टिगत प्रदेश वासियों से अपील की है कि कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर का पूरा पालन करें। कोविड पर प्रभावी नियंत्रण के लिए राज्य में पूरा जन सहयोग मिला है। राज्य सरकार द्वारा कोविड पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी तैयारियां की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों का अभी दूसरा टीका नहीं लगा है, समय होते ही टीकाकरण करा लें। मास्क  का उपयोग जरूर करें एवं एक दूसरे से उचित दूरी बनाए रखें।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, डीजीपी एवं सचिव स्वास्थ्य को कोरोना के नए वैरिएंट की दृष्टिगत कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर का पालन सुनिश्चित कराने एवं सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सचिव स्वास्थ्य को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाय कि कोविड पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अस्पतालों में सभी व्यवस्थाएं हो।