गुजरात और हिमाचल प्रदेश चुनाव की मतगणना शुरू

Gujarat and Himachal counting: दिल्ली नगर निगम चुनाव नतीजों के बाद आज गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जा रही है। शुरुआती रुझानों में गुजरात में बीजेपी को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। तो वहीं, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस बीजेपी को कड़ी टक्कर दे रही है।

बीजेपी के सामने जहां गुजरात और हिमाचल के अपना किला बचाने की चुनौती है, तो कांग्रेस ने चुनाव में दोनों राज्यों की सत्ता से बीजेपी को बेदखल करने के लिए पूरी कोशिश लगाई। वहीं, आप के सामने खुद को साबित करने की चुनौती है।

हिमाचल प्रदेश और गुजरात के अलावा यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट और 5 राज्यों की 6 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज आ रहे हैं। वोटों की गिनती भी शुरू हो गई है। मैनपुरी सीट सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई है। इसके अलावा जिन विधानसभा सीटों के नतीजे आएंगे उनमें उत्तर प्रदेश की रामपुर और खतौली सीट, ओडिशा की पद्मपुर सीट, राजस्थान की सरदारशहर सीट, बिहार की कुढ़नी और छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर सीट शामिल है।

रामपुर सीट सपा नेता आजम खान की सदस्यता रद्द होने की वजह से खाली हुई है। गुजरात में 182 सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। शुरुआती आधे घंटे में पोस्टल बैलेट्स यानी डाक मत पत्रों की गिनती की गई। इनके रुझानों में भाजपा 151 सीटों पर, कांग्रेस 21 पर आगे है। आम आदमी पार्टी 8 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 68 सीटों में से भाजपा 28 सीटों पर आगे है जबकि कांग्रेस ने 34 सीटों पर बढ़त बना ली है। हालाँकि ये अभी बिल्कुल शुरूआती आंकड़े हैं। हिमाचल में पल पल आंकड़ा बदल रहा है, अभी बीजेपी आगे तो कभी कांग्रेस आगे। कुछ देर बाद ही स्थिति साफ हो पायेगी।