Haridwar Har Ki Pauri Reels Shoot: सोशल मीडिया के इस दौर में कुछ युवाओं पर रील्स बनाने का जुनून इस कदर हावी है कि वे धार्मिक या सामाजिक आस्था को दरकिनार कर कहीं पर भी रील्स बनाने पर आमादा हो जाते हैं। उन्हें इस बात का भी ध्यान नहीं रहता हैं कि वे किस जगह खड़े हैं और किस तरह की हरकतें कर रहे हैं। धर्मनगरी हरिद्वार में भी कुछ लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
ऐसा ही एक वीडियो हरकी पैड़ी क्षेत्र से सामने आया है। जिसमें एक युवक-युवती भगवा कपड़ों में अश्लील रील्स बनाते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो मालवीय घाट हरिद्वार का बताया जा रहा है। दरअसल, घाट पर जब श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगा रहे थे, तब एक जोड़ा भगवा कपड़ों में अश्लील हरकत करते हुए रील बनाने में लगा था। धार्मिक स्थल पर शर्मनाक हरकत करता देख मौके पर श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। मौजूद लोगों ने युवक युवती को खूब खरी-खोटी सुनाई। जिसके बाद दोनों वहां से खिसकते बने। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं तीर्थनगरी हरिद्वार के लोग ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं।
वहीं, मामले का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने बयान जारी कर कहा कि जो भी लोग धार्मिक स्थलों पर इस तरह की अश्लीलता फैला रहे हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि, कोई भी अन्य धार्मिक स्थलों पर सनातन धर्म को अपमानित करने वाला कार्य न कर सके। उन्होंने कहा कि गंगा सभा अब हरकी पैड़ी क्षेत्र में ऐसे होर्डिंग और पोस्टर लगवाएगी, जिसमें साफ-साफ लिखा होगा कि हरकी पैड़ी क्षेत्र में रील्स बनाना आपराधिक श्रेणी में आता है। साथ ही उन्होंने कहा कि गैर हिंदुओं के हरकी पैड़ी क्षेत्र में प्रवेश न करें, इसको लेकर भी होर्डिंग में साफ-साफ लिखा जाएगा।



