100% साक्षरता वाला देश का पहला जिला: साक्षरता के मामले में उत्तराखंड के देहरादून जिले को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। देहरादून जिला देश का 100% साक्षरता वाला पहला जिला बन गया है। खास बात यह है कि इस उपलब्धि को जिले ने विकट कोरोनाकाल में हासिल किया। गहन सर्वे से जिले में 6 वर्ष से ऊपर के जिन 30,207 निरक्षर व्यक्तियों का चयन किया गया था वे सभी अब साक्षर हो गए हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट कर जिला प्रशासन की टीम की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर कहा कि कोविड के दौरान देहरादून ज़िले में 30,207 निरक्षरों को साक्षर बनाने के साथ ही जनपद ने 100% साक्षरता हासिल कर ली है। स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के सत्यापन के आधार पर 3rd पार्टी ऑडिट के पश्चात देहरादून को सम्पूर्ण साक्षर ज़िला घोषित कर दिया जाएगा। इस उपलब्धि के लिए सभी को बधाई।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने साक्षरता अभियान में लगी टीम की सराहना की और प्रशस्ति पत्र वितरित किए। जिलाधिकारी ने बताया कि साक्षरता अभियान बीते वर्ष सितंबर में शुरू किया गया था। उस वक्त कोरोना संक्रमण की रोकथाम के तहत हर घर का गहन सर्विलांस कराया जा रहा था। सर्विलांस में नागरिकों से किए जाने वाले स्वास्थ्य संबंधी सवालों में साक्षरता का सवाल भी जोड़ा गया। जब यह पता चल गया कि जिले में छह वर्ष से अधिक उम्र के कितने निरक्षर व्यक्ति हैं, तब शिक्षा विभाग व अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर 30 पृष्ठों का पाठ्यक्रम तैयार किया गया। साक्षरता की राह में कई चुनौतियां थीं।
इसलिए अभियान में शिक्षा विभाग के तमाम अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों के साथ पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों, पंचायत व नगर निकाय के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया। तय किया गया था कि 26 जनवरी 2021 तक सभी निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाया जाना है। पूरी टीम ने उम्मीद से बढ़कर योगदान किया। मुख्य विकास अधिकारी नितिका खंडेलवाल ने भी जिलाधिकारी के साथ इस अभियान की निरंतर समीक्षा की। इसी का परिणाम रहा कि लक्ष्य से पहले सभी निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बना दिया गया।
यह भी पढ़ें: