कल्जीखाल: मुरादाबाद उत्तर प्रदेश की सामाजिक संस्था धरा फाउंडेशन के सहयोग से विकासखंड कल्जीखाल के रा.इ.का. पुरियाडांग में आयोजित एक सादे समारोह में संकुल पांचाली स्तर के 12 विद्यालयों के कक्षा एक से आठ तक के 72 छात्र-छात्राओं को ठंड से बचाव हेतु जैकेट वितरित किए गए।

संस्था के निदेशक विवेक ममगाईं की ओर से प्रतिनिधि एवं पूर्व संकुल समन्वयक प्रेम प्रकाश कुकरेती द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) अंशुल बिष्ट तथा खंड शिक्षा अधिकारी कल्जीखाल के हाथों बच्चों को जैकेट प्रदान किए गए।

कार्यक्रम से पूर्व नव नियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी अंशुल बिष्ट का विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य मनोज कुमार घुनियाल एवं संकुल समन्वयक आयुष बड़ौनी ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय की सुसज्जित लाइब्रेरी की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय का स्वच्छ और सुंदर वातावरण शिक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय में अन्य स्कूलों की अपेक्षा अधिक छात्र संख्या पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी विद्यालयों में पलायन के कारण घटती छात्र संख्या चिंताजनक है, इसलिए उपलब्ध विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर सक्षम बनाना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण पत्रकार जगमोहन डांगी, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ कल्जीखाल अध्यक्ष अनिल कुमार भट्ट, संकुल समन्वयक आयुष बड़ौनी, अभिभावक एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बालम सिंह राणा ने किया।