Digital India Awards 2022 :  उत्तराखंड के लिए गौरवान्वित होने वाली खबर है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर डिजिटल इंडिया अवॉर्ड्स 2022 में सिल्वर मेडल जीता है। चारधाम यात्रा मार्ग पर प्लास्टिक उन्मूलन के लिए डिजिटल डिपॉजिट रिफंड सिस्टम (DRS) में जनपद रुद्रप्रयाग को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। शनिवार को नई दिल्ली के विज्ञानं भवन में आयोजित कार्यक्रम में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और उपजिलाधिकारी ऊखीमठ जितेंद्र वर्मा को पुरस्कार देकर किया सम्मानित किया।

गौरतलब है कि रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी ने इस बार चारधाम यात्रा में प्लास्टिक उन्मूलन के लिए नई पहल की है। जिलाधिकारी मूयर दीक्षित के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली पानी की बोतल, कोल्ड ड्रिंक समेत अन्य प्लास्टिक के सामान का निस्तारण करने के लिए रिसाइक्लिंग की अनोखी व्यवस्था की थी। इसके लिए रिसाइक्लिंग संस्था के साथ मिलकर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर केदारनाथ यात्रा मार्ग, चोपता, तुंगनाथ और देवरियाताल मार्ग पर क्यूआर कोड की व्यवस्था लागू की गई थी।

प्लास्टिक सामान के निस्तारण के लिए क्यूआर कोड सिस्टम शुरू किया गया था जिसके तहत प्लास्टिक बोतलों की टैगिंग  की गई थी। हर क्यूआर कोड लगी बोतल पर बिक्री के समय 10 रुपए अतिरिक्त वसूले जाते हैं, वहीं प्रत्येक बोतल वापस जमा करने वाले को 10 रुपए दिए जाते हैं। जिलाधिकारी की इस सराहनीय पहल के लिए रुद्रप्रयाग जिले ने Digital Deposit Refund System के लिए राष्ट्रीय स्तर पर डिजिटल इंडिया अवॉर्ड्स 2022 में सिल्वर मेडल जीता है।