यूजीसी के संयुक्त सचिव रह चुके डॉ. अजय खंडूड़ी को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय का नया कुलसचिव बनाया गया है। डॉ. एके झा के सेवानिवृत होने के बाद विगत कई महीनों से रिक्त चल रहे कुलसचिव के पद के लिए विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. एनएस पंवार ने डॉ. अजय खंडूड़ी के नाम की पुष्टि की। विश्वविद्यालय की ओर से शुक्रवार को नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया है।
गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलसचिव पद के लिए कुल 53 आवेदन पत्र आए थे। जिनमें से 19 आवेदनकर्ताओं को कमेटी ने साक्षात्कार के लिए चुना था। 19 में से 15 आवेदनकर्ताओं ने बुधवार को कुलसचिव पद हेतु साक्षात्कार दिया था। शुक्रवार को जारी परीक्षा परीणाम में डॉ. अजय कुमार खण्डूडी का हेनब गढवाल विवि के कुलसचिव पद के लिए चयन कर लिया गया।
शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने डॉ. खंडूड़ी को पत्र भेज दिया। डॉ. खंडूड़ी को विभिन्न संस्थानों में काम करने का लगभग 24 साल का प्रशासनिक अनुभव है। 1983 से 1998 तक भारतीय नौसेना में रहकर वे देश सेवा में भी रहे।
डॉ. अजय खंडूड़ी उत्तराखंड में जनपद चमोली के ग्राम चमोला विजय नगर (बगड़ी) के निवासी हैं। उनका मूल गांव खंडूडा है। उनकी प्रारम्भिक शिक्षा कर्णप्रयाग में हुई, वे गढ़वाल विश्विद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं ऐसे में उसी संस्थान में कुलसचिव बनकर जाना न केवल उनके लिए अपितु ग्राम चमोला वासियों और जनपत चमोली के लिए गर्व की बात है।
रिपोर्ट: द्वारिका चमोली



