श्रीनगर गढ़वाल: श्रीनगर गढ़वाल के संयुक्त अस्पताल में दशकों तक अपनी सेवाएं देकर रोगियों के लिए मसीहा बने डॉ. सुरेश कोठियाल 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो गए। 28 वर्षों की निष्कलंक सेवा के बाद उनका कार्यकाल एक भावुक विदाई समारोह के साथ संपन्न हुआ, जिसमें उनका भावुक लेकिन जोशीला डांस सोशल मीडिया पर छा गया है।
कानपुर मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस एवं एमडी (मेडिसिन) की शिक्षा प्राप्त करने के बाद जनवरी 1997 में उन्होंने श्रीनगर के संयुक्त अस्पताल से अपने चिकित्सा जीवन की शुरुआत की थी। अपने सरल स्वभाव, सटीक इलाज और रोगियों से आत्मीय व्यवहार के कारण वे जल्द ही जनमानस में एक श्रद्धेय और विश्वसनीय नाम बन गए।
विदाई समारोह में डॉ. कोठियाल का डांस न केवल उनके सहकर्मियों के लिए एक सुखद आश्चर्य था, बल्कि यह उनकी सहजता, जीवन के प्रति उत्साह और आम जनता से उनके जुड़ाव का प्रतीक बन गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर लोग भावुक हो उठे और “रोगियों के भगवान” कहे जाने वाले इस डॉक्टर को सलाम करते नजर आए।
डॉ. कोठियाल ने अपने करियर में श्रीनगर के अलावा पौड़ी, देहरादून और ऋषिकेश में भी सेवाएं दीं, लेकिन श्रीनगर से उनका जुड़ाव कभी कम नहीं हुआ। अगस्त 2012 में देहरादून स्थानांतरित होने के बाद भी वहां उनका मन नहीं लग सका और जनता की मांग और अपनी इच्छा से वे पुनः पौड़ी और फिर श्रीनगर लौट आए। अप्रैल 2022 से लेकर सेवानिवृत्ति तक उन्होंने श्रीनगर में ही अपनी सेवाएं दीं।
सेवानिवृत्ति के बाद भी डॉ. कोठियाल श्रीनगर में ही रहेंगे और जरूरतमंदों को अपनी सेवाएं देते रहेंगे। सेवानिवृत्ति के दूसरे दिन वे अपनी पत्नी डॉ. रीना कोठियाल के ननिहाल सुपाणा-गंडासू चौरास क्षेत्र में घूमने गए और साफ किया कि श्रीनगर से उनका भावनात्मक जुड़ाव अटूट है। डॉ. कोठियाल की यह यात्रा सिर्फ एक डॉक्टर की नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सादगी की मिसाल है। श्रीनगर ही नहीं, समूचा गढ़वाल क्षेत्र आज उन्हें सलाम कर रहा है।
“डॉक्टर तो बहुत देखे, पर सुरेश कोठियाल जैसे विरले ही मिलते हैं” एक स्थानीय निवासी की भावुक प्रतिक्रिया
देवभूमि संवाद की ओर से डॉ कोठियाल को सेवानिवृत्ति की हार्दिक शुभकामनाएं, आपकी सेवा और समर्पण को नमन।



